न्यूज डेस्क,नई दिल्ली,31जुलाई 2026
सरगुजा संसदीय क्षेत्र की रेल सुविधाओं को मजबूत बनाने और आम यात्रियों की वर्षों पुरानी मांगों को केंद्र सरकार तक पहुंचाने के उद्देश्य से,सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान सांसद ने क्षेत्र के विकास, बेहतर रेल संपर्क और जनसुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए, रेल मंत्री को मांगपत्र सौंपा।बैठक में सांसद ने कहा,कि सरगुजा संभाग लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा हैं,लेकिन क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार की अभी भी बड़ी आवश्यकता हैं। बेहतर रेल संपर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होंगी तथा लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
🟠अंबिकापुर रायपुर के बीच दैनिक इंटरसिटी एक्सप्रेस चलाने की मांग
सांसद चिंतामणि महाराज ने रेल मंत्री के समक्ष सबसे प्रमुख मांग रखते हुए अंबिकापुर और रायपुर के बीच प्रतिदिन सीधी इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन प्रारंभ करने का आग्रह किया।उन्होंने बताया,कि वर्तमान में सरगुजा, बलरामपुर, जशपुर और आसपास के जिलों के हजारों विद्यार्थी, मरीज, सरकारी कर्मचारी, व्यापारी और आम नागरिक नियमित रूप से रायपुर आते-जाते हैं, लेकिन पर्याप्त रेल सुविधा उपलब्ध नहीं होने से उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता हैं।दैनिक इंटरसिटी एक्सप्रेस शुरू होने से राजधानी रायपुर तक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा संभव होगी, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।
🟠विश्रामपुर स्टेशन पर अंबिकापुर नई दिल्ली एक्सप्रेस के ठहराव की मांग
सांसद ने ट्रेन संख्या 22407/22408 अंबिकापुर–नई दिल्ली एक्सप्रेस का विश्रामपुर रेलवे स्टेशन पर नियमित ठहराव सुनिश्चित करने की भी मांग रखी।उन्होंने कहा कि विश्रामपुर, सूरजपुर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में यात्री दिल्ली एवं अन्य राज्यों की यात्रा करते हैं, लेकिन ट्रेन के ठहराव नहीं होने से लोगों को लंबी दूरी तय कर दूसरे स्टेशनों तक जाना पड़ता हैं। यदि इस ट्रेन का विश्रामपुर में स्टॉपेज मिलता हैं,तो हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
🟠रेलवे स्टेशनों पर बढ़ाई जाएं आधुनिक सुविधाएं
सांसद चिंतामणि महाराज ने सरगुजा,सूरजपुर और विश्रामपुर क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों पर लगातार बढ़ रही यात्रियों की संख्या का उल्लेख करते हुए,प्लेटफॉर्म विस्तार और यात्री सुविधाओं को उन्नत करने की भी मांग की।उन्होंने कहा,कि यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार आवश्यक हैं,ताकि यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित यात्रा अनुभव मिल सके।
🟠रेल मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद द्वारा प्रस्तुत सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए,उन पर सकारात्मक विचार करने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।रेल मंत्री ने कहा कि जनहित से जुड़े विषयों पर रेलवे मंत्रालय गंभीरता से कार्य कर रहा हैं, और क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रस्तावों का परीक्षण कर उचित निर्णय लिया जाएगा।
🟠क्षेत्र के विकास के लिए प्रयास जारी रहेंगे
बैठक के बाद सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा,कि सरगुजा संसदीय क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने विश्वास जताया,कि केंद्र सरकार के सहयोग से क्षेत्र में रेल सेवाओं का विस्तार होगा और आम नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलेंगी।उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनहित से जुड़े मुद्दों को लगातार केंद्र सरकार के समक्ष उठाया जाता रहेगा, ताकि सरगुजा संभाग विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सके।












