न्यूज डेस्क,जशपुर,छत्तीसगढ़,8अगस्त2026
जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान,एक बेटे ने अपने पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी बेटे ने सील-लोढ़ा से पिता के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया हैं।मामला चौकी ऊपर कछार के ग्राम सिंगीबहार का हैं। पुलिस के मुताबिक, 6 अगस्त को मृतक कृष्णा सिंह और उनके बेटे सूरज सिंह के, बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर सूरज सिंह ने घर में रखे सील-लोढ़ा से पिता के सिर पर वार कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो कृष्णा सिंह खाट पर बेहोशी की हालत में पड़े थे। उनके नाक, मुंह और कान से खून निकल रहा था। उन्हें तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल ले जाया गया। पहले केरसई अस्पताल और फिर कुनकुरी अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। चूंकि घटना तपकरा थाना क्षेत्र की थी, इसलिए मर्ग डायरी तपकरा थाना भेजी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया।
🟠पूछताछ में बेटे ने कबूला अपराध
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी सूरज सिंह उम्र 32 वर्ष, निवासी सिंगीबहार ने बताया,कि उसके पिता का स्वभाव झगड़ालू था और आए दिन घर व बाहर विवाद करते रहते थे। घटना के दिन भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने घर में रखे सील-लोढ़ा से पिता के सिर पर वार कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त सील-लोढ़ा जब्त कर लिया हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक संदीप कौशिक, चौकी प्रभारी ऊपर कछार एएसआई भुनेश्वर भगत, प्रधान आरक्षक अजय कुमार लकड़ा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।












