संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,8अगस्त2026
बेमेतरा से मुंगेली के बीच सफर को आसान और सुरक्षित बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया हैं। नांदघाट-मुंगेली मार्ग को अब टू-लेन से फोरलेन किया जाएगा। इसके लिए राज्य शासन ने 21 करोड़ 81 लाख रुपए की अतिरिक्त राशि स्वीकृत की हैं। पहले इस सड़क के निर्माण के लिए 116 करोड़ रुपए मंजूर किए गए थे।उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के निर्देश के बाद सड़क को फोरलेन में उन्नयन करने की प्रक्रिया आगे बढ़ी। अतिरिक्त राशि की स्वीकृति के बाद अब कुल 137 करोड़ 81 लाख रुपए की लागत से 36.40 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा।
🟠लंबे समय से थी फोरलेन की मांग
नांदघाट-मुंगेली मार्ग को फोरलेन करने की मांग क्षेत्रवासी लंबे समय से कर रहे थे। सड़क के फोरलेन बनने से मुंगेली, लोरमी, पंडरिया सहित आसपास के क्षेत्रों से राजधानी रायपुर तक आवागमन अधिक तेज, सुगम और सुरक्षित होने की उम्मीद हैं। इसके साथ ही मध्यप्रदेश की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा।राज्य शासन ने वर्ष 2024 में सीआरआईएफ योजना के तहत नांदघाट-मुंगेली मार्ग के टू-लेन निर्माण के लिए 116 करोड़ रुपए स्वीकृत किए थे। अब फोरलेन उन्नयन के लिए अतिरिक्त राशि मिलने से परियोजना की कुल लागत बढ़कर 137.81 करोड़ रुपए हो गई हैं।
🟠क्षेत्रवासियों को मिली बड़ी सौगात
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री एवं नवागढ़ विधायक दयालदास बघेल ने नांदघाट-मुंगेली सड़क को फोरलेन की मंजूरी मिलने पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार जताया। उन्होंने क्षेत्रवासियों को इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना की स्वीकृति पर बधाई दी।फोरलेन सड़क के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन बेहतर होने के साथ-साथ व्यापार, परिवहन और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को भी गति मिलने की उम्मीद हैं।












