Nexis News

बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए जिलेभर में चला कृमि मुक्ति अभियान,374 विद्यार्थियों को खिलाई गई एल्बेंडाजोल

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,10अगस्त2026

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सोमवार को, बलरामपुर जिले के शासकीय एवं निजी विद्यालयों में, राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग के संयुक्त समन्वय से बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमिनाशक दवा का सेवन कराया गया।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलरामपुर एवं स्वामी आत्मानंद शासकीय माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलरामपुर में,आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद बलरामपुर के उपाध्यक्ष दिलीप सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कुल 374 छात्र-छात्राओं को एल्बेंडाजोल की कृमिनाशक गोली खिलाई गई। इस दौरान विद्यार्थियों को कृमि संक्रमण से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, इसके दुष्प्रभावों तथा कृमिनाशक दवा के महत्व की जानकारी देकर जागरूक किया गया।

🟠कृमि संक्रमण से बचाव बच्चों के स्वास्थ्य और विकास के लिए जरूरी

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने कहा,कि कृमि संक्रमण बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रभावित कर सकता हैं। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के माध्यम से बच्चों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किया जा रहा हैं।उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा पात्र बच्चों को निर्धारित अनुसार कृमिनाशक दवा का सेवन कराने की अपील की। उन्होंने कहा,कि कृमि संक्रमण से बचाव के लिए हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोना, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करना, नाखूनों को साफ एवं छोटे रखना तथा व्यक्तिगत एवं आसपास की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना आवश्यक हैं।

🟠जिलेभर के विद्यालयों में कराया गया दवा का सेवन

स्वास्थ्य विभाग एवं शिक्षा विभाग के समन्वय से, जिलेभर के विद्यालयों में बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई गई। साथ ही विद्यार्थियों को स्वच्छता संबंधी अच्छी आदतों को दैनिक जीवन में अपनाने और कृमि संक्रमण के जोखिम को कम करने के उपायों की जानकारी दी गई।कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य समिति, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की जिला एवं विकासखंड स्तरीय टीम, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!