न्यूज डेस्क,राजनांदगांव,छत्तीसगढ़,10अगस्त2026
राजनांदगांव शहर को सोमवार को 43 करोड़ 61 लाख 26 हजार रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात मिली। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें 15 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से बनने वाला 2000 सीटर ऑडिटोरियम प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसे प्रदेश का सबसे बड़ा ऑडिटोरियम बताया गया हैं।विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा,कि राजनांदगांव में बनने वाला 2000 सीटर ऑडिटोरियम शहर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगा। इसमें बड़े आयोजनों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। ऑडिटोरियम में पार्किंग, कॉरिडोर के साथ करीब एक हजार लोगों के एक साथ बैठकर भोजन करने की व्यवस्था भी होगी। इसके बनने से राजनांदगांव सहित आसपास के नगरीय क्षेत्रों में बड़े आयोजनों के लिए एक प्रमुख केंद्र उपलब्ध होगा।उन्होंने कहा कि शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग, प्रकाश व्यवस्था और पाइपलाइन विस्तार सहित 43 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य किए जा रहे हैं।
🟠15वें वित्त आयोग सहित विभिन्न मदों से होंगे विकास कार्य
भूमिपूजन किए गए कार्यों में शहर के विभिन्न वार्डों में, सड़क, नाली, विद्युतीकरण, पेयजल, मुक्तिधाम उन्नयन, सामुदायिक भवन और अन्य अधोसंरचना विकास के कार्य शामिल हैं।15वें वित्त आयोग के अनटाइड ग्रांट से 12 करोड़ 9 लाख 44 हजार रुपये की लागत से विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली और विद्युतीकरण के कार्य किए जाएंगे। वहीं अधोसंरचना मद से 11 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से सड़क, नाली, मुक्तिधाम उन्नयन और सामुदायिक भवन निर्माण के कार्य होंगे।मुख्यमंत्री घोषणा के तहत 1 करोड़ रुपये की लागत से चार वार्डों में सड़क, नाली और सामुदायिक भवन निर्माण कार्य किए जाएंगे। वहीं 15वें वित्त आयोग के टाइड ग्रांट के पेयजल प्रबंधन घटक से 3 करोड़ 2 लाख 82 हजार रुपये की लागत से विभिन्न वार्डों में पाइपलाइन विस्तार किया जाएगा। इस अवसर पर नागरिकों को 1000 पौधों का वितरण भी किया गया।
🟠राजनांदगांव नगर निगम को दो साल में मिले 267 करोड़ रुपये
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा,कि राजनांदगांव के लिए आज ऐतिहासिक दिन हैं। शहर को 43 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली हैं। उन्होंने बताया,कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद पिछले दो वर्षों में राजनांदगांव नगर निगम को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से करीब 267 करोड़ रुपये विकास कार्यों के लिए प्राप्त हुए हैं।उन्होंने कहा कि प्रदेश के शहरों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधापूर्ण बनाने के लिए राज्य सरकार योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही हैं। उन्होंने नागरिकों से राजनांदगांव को स्वच्छता के क्षेत्र में देश का अग्रणी शहर बनाने का संकल्प लेने की अपील की।
🟠चौक, तालाब और सड़कों के विकास की भी तैयारी
उप मुख्यमंत्री ने बताया,कि गांधी चौक, पोस्ट ऑफिस चौक, नंदई चौक सहित अन्य प्रमुख चौकों के सौंदर्यीकरण के लिए करीब 3 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रक्रिया में हैं। रानी सागर और बूढ़ा सागर तालाब के पुनर्विकास के लिए 14 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई हैं।इसके अलावा जीई रोड से लखोली कबाड़ी दुकान तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 6 करोड़ 85 लाख रुपये, आरके नगर चौक से डोंगरगांव रोड तक सड़क निर्माण के लिए 6 करोड़ 90 लाख रुपये तथा बायपास कन्हारपुरी से तिरंगा चौक तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 5 करोड़ 50 लाख रुपये की स्वीकृति शीघ्र प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई।मोहारा जल संयंत्र के री-मरम्मत कार्य के लिए 4 करोड़ रुपये तथा ढाबा, गौरीनगर और गोकुलनगर में ओवरहेड टैंक निर्माण के लिए 12 करोड़ 61 लाख रुपये की स्वीकृति भी शीघ्र प्रदान किए जाने की बात कही गई।
🟠स्वच्छता को लेकर नागरिकों से सहयोग की अपील
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा,कि विकास के साथ स्वच्छता भी शहर की पहचान का महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने नागरिकों से घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कचरा नालियों एवं सड़कों पर नहीं डालने तथा नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।
🟠सांसद ने रेलवे परियोजनाओं की दी जानकारी
सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा,कि शासन द्वारा राजनांदगांव शहर के विकास के लिए 43 करोड़ 61 लाख 26 हजार रुपये के कार्यों की सौगात दी गई हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा जिले में किए जा रहे,विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी।उन्होंने बताया कि परमालकसा से खरसिया तक नई रेल लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा हैं,तथा चौथी रेल लाइन भी चालू हो गई हैं। राजनांदगांव एवं डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन को मॉडल एवं अमृत रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा हैं। गौरीनगर एवं स्टेशन पारा अंडरब्रिज का निर्माण दिसंबर तक पूर्ण होने तथा मोतीपुर अंडरब्रिज का निर्माण जल्द शुरू होने की जानकारी भी दी।कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव सहित जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।












