महिलाओं की सुरक्षा पर छत्तीसगढ़ में बड़ा मंथन कल,मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ बनेगी प्रभावी रणनीति

संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,22नवंबर2026

महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों की रोकथाम,मानव तस्करी पर प्रभावी अंकुश और घरेलू हिंसा से पीड़ित, महिलाओं को न्याय एवं संरक्षण दिलाने की दिशा में छत्तीसगढ़ में महत्वपूर्ण पहल होने जा रही हैं। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा राष्ट्रीय महिला आयोग के, सहयोग तथा पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सह-आयोजन में 23 नवंबर को रायपुर में राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की जाएगी।‘मानव तस्करी तथा महिलाओं का घरेलू हिंसा से संरक्षण’ विषय पर आयोजित इस कार्यशाला में कानून, न्यायिक प्रक्रिया, पुलिस की जिम्मेदारी और पीड़ित महिलाओं को सहायता उपलब्ध कराने के प्रभावी तरीकों पर व्यापक चर्चा होगी। विश्वविद्यालय सभागार में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों और संस्थाओं से जुड़े करीब 500 प्रतिभागी शामिल होंगे।

🟠राज्यपाल करेंगे शुभारंभ,मुख्यमंत्री की मौजूदगी में होगा समापन

कार्यशाला का शुभारंभ राज्यपाल रमेन डेका करेंगे। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ला तथा छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू सहित आयोग के सदस्य और अन्य अतिथि मौजूद रहेंगे। वहीं, कार्यक्रम का समापन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में होगा।

🟠मानव तस्करी पर पुलिस और न्यायिक विशेषज्ञ रखेंगे अपना पक्ष

कार्यशाला के पहले तकनीकी सत्र में छत्तीसगढ़ के संदर्भ में मानव तस्करी की चुनौतियों, इसकी रोकथाम और प्रभावी कार्रवाई के उपायों पर चर्चा होगी। इस सत्र की अध्यक्षता पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम करेंगे। सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता एवं शक्ति वाहिनी के संस्थापक  रविकांत सहित न्यायिक अधिकारी और विषय विशेषज्ञ मानव तस्करी से जुड़े कानूनी एवं व्यावहारिक पहलुओं पर जानकारी साझा करेंगे।

🟠घरेलू हिंसा के खिलाफ कानून के क्रियान्वयन पर रहेगा जोर

दूसरे तकनीकी सत्र में घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 के प्रभावी क्रियान्वयन पर मंथन किया जाएगा। सत्र की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव करेंगी। मजलिस सेंटर ऑफ लॉ की निदेशक एंड्रिया डी’मेलो सहित न्यायिक अधिकारी और विशेषज्ञ घरेलू हिंसा के मामलों में कानूनी प्रावधानों, पीड़ित महिलाओं के अधिकारों और संरक्षण की व्यवस्था पर अपने विचार रखेंगे।

🟠महिलाओं के मानसिक और सामाजिक संरक्षण पर भी होगी चर्चा

तीसरे तकनीकी सत्र में शैक्षणिक एवं मनोसामाजिक दृष्टिकोण से मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के विभिन्न पहलुओं को समझने का प्रयास किया जाएगा। इसमें प्रोफेसर डॉ. प्रियंबदा, नीति आयोग की प्रतिनिधि प्रोतिति साहा, डालसा के अविनाश दुबे और मनोचिकित्सक  सोनिया परियर सहित अन्य विशेषज्ञ शामिल होंगे।

🟠पीड़ित महिलाओं तक सहायता पहुंचाने के लिए बढ़ेगा विभागीय समन्वय

इस कार्यशाला में पुलिस विभाग, न्यायिक अधिकारी, विधिक सेवा प्राधिकरण, महिला एवं बाल विकास विभाग, उच्च शिक्षा संस्थानों के प्रतिनिधि, विधि के विद्यार्थी, स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधि और परामर्शदाता हिस्सा लेंगे।कार्यशाला का उद्देश्य केवल कानूनों की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि विभिन्न विभागों और संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना भी हैं,ताकि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा से प्रभावित महिलाओं को समय पर कानूनी सहायता, सुरक्षा, संरक्षण और उचित परामर्श मिल सके। इस पहल के जरिए महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को मजबूत करने और अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी रणनीति विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें