अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,20नवंबर2026
बलरामपुर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच, किसानों की उपज को सुरक्षित रखने और अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। बारिश की आशंका को देखते हुए धान को भीगने से बचाने,खरीदी केंद्रों में अतिरिक्त भंडारण की व्यवस्था करने और सीमावर्ती राज्यों से आने वाले, अवैध धान पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई हैं। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं संबंधित विभागों का अमला लगातार निगरानी कर रहा हैं।प्रशासन ने जिले के सभी 54 धान उपार्जन केंद्रों में धान की सुरक्षा के लिए कैप कवर,पन्नी और तिरपाल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। धंधापुर, बरतीकला और रामचन्द्रपुर सहित विभिन्न खरीदी केंद्रों में अधिकारी इन व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। तेज हवा के दौरान तिरपाल और कैप कवर उड़ने से बचाने के लिए धान के स्टैक को रस्सियों से मजबूती से बांधा जा रहा हैं।
इसके साथ ही धान को जमीन की नमी और बारिश के पानी से सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त ड्रेनेज की व्यवस्था करने तथा खरीदी केंद्रों के फड़ों के आसपास बनी नालियों की सफाई कर जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का विशेष जोर इस बात पर है कि बारिश होने की स्थिति में किसी भी केंद्र में जलभराव न हो और उपार्जित धान सुरक्षित रहे। कलेक्टर के निर्देशानुसार 20 से 22 नवंबर तक सभी केंद्र प्रभारी और समिति कर्मचारी मुख्यालय में रहकर धान की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करेंगे। धान की स्टैकिंग और भौतिक सत्यापन को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।
🟠अतिरिक्त भंडारण के लिए वैकल्पिक स्थल चिन्हित
धान खरीदी के दौरान केंद्रों में उपज की आवक बढ़ने और भंडारण की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने पहले से ही वैकल्पिक व्यवस्था पर काम शुरू कर दिया हैं। सभी उपार्जन केंद्रों के आसपास अतिरिक्त भंडारण स्थलों की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व अमला और खरीदी केंद्र प्रभारी संयुक्त रूप से उपयुक्त स्थानों का चयन कर रहे हैं।इस दिशा में सामरी और डीपाडीहकला में धान भंडारण के लिए अतिरिक्त भूमि चिन्हित की जा चुकी हैं। वहीं, जिले के अन्य खरीदी केंद्रों के आसपास भी वैकल्पिक स्थलों का चयन किया जा रहा हैं,ताकि जरूरत पड़ने पर धान का सुरक्षित भंडारण किया जा सके और खरीदी प्रक्रिया प्रभावित न हो।
🟠24 चेकपोस्ट पर रात में भी पहरा, एसडीएम कर रहे निगरानी
दूसरी ओर, सीमावर्ती राज्यों से धान के अवैध परिवहन को रोकने के लिए प्रशासन ने जिले में 24 चेकपोस्ट स्थापित किए हैं। इन चेकपोस्ट पर तैनात अधिकारी और कर्मचारी दिन के साथ-साथ रात में भी गश्त कर रहे हैं। निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सभी एसडीएम स्वयं रात्रि में चेकपोस्ट पहुंचकर निरीक्षण कर रहे हैं और अधिकारियों की सक्रियता सुनिश्चित कर रहे हैं।रामानुजगंज विकासखंड में चुनापाधर, महादेवपुर, त्रिशुली (भेडरू बुटर), त्रिशुली (हल्दी मोड़), बालचउरा, हुरुपायर, अनिरुधपुर, रामानुजगंज, चंद्रनगर और नगरा बाबा में चेकपोस्ट बनाए गए हैं। इसी तरह वाड्रफनगर विकासखंड में मुरकील, चपोता, केसाटी, गिरवानी और धनवार, कुसमी विकासखंड में कौरखा, पुदांग, अमटाही और करचा तथा शंकरगढ़ विकासखंड में पौड़ीखुर्द, बादा और भुवनेश्वरपुर सहित अन्य स्थानों पर निगरानी की जा रही हैं।
🟠किसानों की उपज की सुरक्षा और अवैध परिवहन पर प्रशासन का फोकस
जिला प्रशासन की इस पूरी कार्ययोजना का उद्देश्य धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना,किसानों की मेहनत से उपजाए गए धान को बारिश से सुरक्षित रखना और दूसरे राज्यों से होने वाले अवैध धान के परिवहन पर प्रभावी रोक लगाना हैं। भंडारण के लिए वैकल्पिक स्थानों की व्यवस्था और चेकपोस्ट पर रात्रिकालीन निगरानी से प्रशासन ने खरीदी सीजन में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के संकेत दिए हैं।












