शराब दुकान की कमाई में 7.59 लाख की हेराफेरी,महीनों से फरार सुपरवाइजर गिरफ्तार, पुलिस खंगाल रही पूरे नेटवर्क का कनेक्शन

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,20नवंबर2026

शराब दुकान की बिक्री का हिसाब-किताब संभालने वाले सुपरवाइजर पर ही लाखों रुपये की हेराफेरी करने का आरोप लगा हैं। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर स्थित कम्पोजिट विदेशी मदिरा दुकान में 7 लाख 59 हजार 720 रुपये की राशि कम जमा होने का मामला सामने आया हैं। ऑडिट में वित्तीय गड़बड़ी उजागर होने के बाद से फरार चल रहे आरोपी सुपरवाइजर को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया हैं। फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं,और उससे पूछताछ कर मामले की अन्य कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा हैं।

🟠ऑडिट में सामने आई 7.59 लाख रुपये की गड़बड़ी

पुलिस के अनुसार,3 जुलाई 2026 को आबकारी उपनिरीक्षक एवं वाड्रफनगर वृत्त के अधिकारी अभिषेक कुमार राजवाड़े ने चौकी वाड्रफनगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक,कम्पोजिट विदेशी मदिरा दुकान वाड्रफनगर का 1 मई 2026 से 11 जून 2026 तक ऑडिटर द्वारा भौतिक सत्यापन किया गया था। इस दौरान दुकान के बिक्री रिकॉर्ड और बैंक में जमा राशि का मिलान किया गया, जिसमें 7,59,720 रुपये की कमी पाई गई।

 

🟠बिक्री की रकम का हिसाब रखने की थी जिम्मेदारी

जांच में पता चला,कि दुकान में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत लाल बिहारी यादव प्रतिदिन होने वाली शराब बिक्री का रिकॉर्ड रखता था। बिक्री से प्राप्त नकद राशि कैश कलेक्शन एजेंसी को सौंपने की जिम्मेदारी भी उसी के पास थी। आरोप हैं,कि उसने बिक्री की पूरी रकम बैंक में जमा नहीं कराई, जिससे शासन के राजस्व को 7 लाख 59 हजार 720 रुपये की आर्थिक क्षति पहुंची। भौतिक सत्यापन के बाद आरोपी बिना किसी सूचना के दुकान से अनुपस्थित हो गया और फरार चल रहा था।

🟠अपराध दर्ज होने के बाद से पुलिस कर रही थी तलाश

मामले की गंभीरता को देखते हुए,चौकी वाड्रफनगर में अपराध क्रमांक 105/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) एवं 316(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने दुकान के विक्रय पंजी और बैंक विवरणों की जांच की, जिसमें 7,59,720 रुपये की राशि की धोखाधड़ी का मामला सामने आया।

🟠सोनभद्र का रहने वाला आरोपी प्रेमनगर में था निवासरत

पुलिस ने मामले में आरोपी लाल बिहारी यादव (26 वर्ष), पिता रामनाथ यादव, निवासी ग्राम कुण्डपान, थाना बभनी, जिला सोनभद्र (उत्तर प्रदेश), वर्तमान निवासी ग्राम प्रेमनगर, थाना बसंतपुर, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज को 19 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया।

🟠रिमांड पर पूछताछ,अन्य संलिप्त लोगों की तलाश

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को वाड्रफनगर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने पूछताछ के लिए रिमांड प्राप्त किया हैं। अब पुलिस आरोपी से हेराफेरी की गई रकम के संबंध में पूछताछ कर रही हैं। साथ ही इस पूरे मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं, इसकी भी बारीकी से जांच की जा रही हैं। पुलिस का अनुसंधान जारी हैं,और पूछताछ के आधार पर मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें