अंबिकापुर में वाहन दिलाने के नाम पर 3 लाख की ठगी,महिंद्रा डीलरशिप का असिस्टेंट मैनेजर गिरफ्तार

न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,19नवंबर2026

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में वाहन दिलाने के नाम पर ग्राहकों से लाखों रुपये की ठगी और गबन का मामला सामने आया हैं। महिंद्रा थ्री व्हीलर डीलरशिप में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत कर्मचारी ने कथित तौर पर तीन ग्राहकों से कुल 3 लाख रुपये वसूल किए,लेकिन इस रकम को कंपनी के खाते में जमा करने के बजाय अपने निजी कामों में खर्च कर दिया। ग्राहकों को न तो वाहन उपलब्ध कराया गया और न ही उनकी रकम वापस की गई। मामले में गांधीनगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया हैं।

 

🟠ग्राहकों से अपने खाते में लिए 3 लाख रुपये

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार,स्टार ऑटोमोबाइल्स अंबिकापुर के मैनेजर गुलफेर अहमद ने थाना गांधीनगर में,शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, संस्थान में कार्यरत सतीश कुमार देवांगन महिंद्रा थ्री व्हीलर डीलरशिप में असिस्टेंट मैनेजर के रूप में काम करता था।आरोप हैं,कि सतीश कुमार ने कंपनी के नियमों को दरकिनार करते हुए तीन ग्राहकों से वाहन उपलब्ध कराने के नाम पर नकद और ऑनलाइन माध्यम से कुल 3 लाख रुपये प्राप्त किए। ऑनलाइन भुगतान की कुछ राशि उसने अपने निजी बैंक खाते में भी ली। इसके बाद पूरी रकम कंपनी के खाते में जमा नहीं की और निजी कार्यों में खर्च कर दी।

🟠न वाहन दिया, न ग्राहकों को लौटाए पैसे

आरोपी द्वारा रकम लेने के बावजूद ग्राहकों को वाहन नहीं मिले। वहीं,उनकी जमा राशि भी वापस नहीं की गई। मामले की जानकारी सामने आने के बाद संस्थान के, मैनेजर ने पुलिस से शिकायत की।शिकायत के आधार पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 664/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

🟠घर पर दबिश देकर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज किए। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी के निवास स्थान पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया।पूछताछ में आरोपी की पहचान सतीश कुमार देवांगन (39 वर्ष), पिता दुधेलाल देवांगन, निवासी रामपुर मिठ्ठीकला, थाना मणिपुर, जिला सरगुजा के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, जांच में अपराध से संबंधित पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

🟠इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक शिशिरकांत सिंह,सहायक उप निरीक्षक अभिषेक दुबे, आरक्षक गीता प्रसाद, जयनाथ राम और सैनिक अनिल साहू की सक्रिय भूमिका रही।पुलिस की इस कार्रवाई के बाद वाहन खरीदने के नाम पर ग्राहकों से रकम लेकर धोखाधड़ी करने का मामला चर्चा में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें