बलरामपुर में पति की हत्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार,लोहे के बाट से सिर पर किया था हमला

अर्पित तिवारी,रामानुजगंज,छत्तीसगढ़,19नवंबर2026

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पति की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया हैं। मामला त्रिकुण्डा थाना क्षेत्र का हैं,जहां खाना नहीं बनाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया,कि पत्नी ने कथित तौर पर घर में रखे लोहे के बाट से पति के सिर पर हमला कर दिया। घटना में गंभीर चोट लगने से पति की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया हैं।

 

🟠शराब पीकर घर लौटे थे पति-पत्नी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 15 नवंबर 2026 की हैं। मृतक प्रभात कुम्हरिया अपनी पत्नी राजपति कुम्हरिया (32 वर्ष) के साथ गांव में धान कटाई की मजदूरी करने गया था। दोनों शाम करीब 8 से 9 बजे शराब पीकर घर लौटे। अधिक नशे में होने के कारण पत्नी ने खाना नहीं बनाया, जिसके बाद मृतक प्रभात ने खुद खाना तैयार किया।

🟠खाना नहीं बनाने की बात पर हुआ विवाद

खाना बनाने के बाद प्रभात अपनी पत्नी को खाना खाने के लिए बुलाने गया। इसी दौरान खाना नहीं बनाने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, मृतक ने गुस्से में पत्नी के गाल पर तीन-चार थप्पड़ मार दिए। इससे नाराज होकर पत्नी ने घर में रखे लोहे के किलोबाट से उसके बाईं आंख के ऊपर माथे पर वार कर दिया। इसके बाद उसे धक्का भी दिया, जिससे वह लकड़ी की चौकी से टकराकर नीचे गिर गया।

🟠सुबह उठाने पर नहीं जागा पति, हो चुकी थी मौत

घटना के बाद आरोपी महिला दूसरे कमरे में जाकर सो गई। कुछ समय बाद उसका पति भी उसके पास आकर सो गया। अगले दिन सुबह करीब 4 बजे महिला ने उठकर पति को जगाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उठा। बाद में पता चला कि उसकी मौत हो चुकी थी।

🟠पुलिस ने आरोपी पत्नी को किया गिरफ्तार

मामले में 16 नवंबर 2026 को प्रार्थी रामदेव कुम्हरिया की रिपोर्ट पर थाना त्रिकुण्डा में अपराध क्रमांक 72/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रार्थी एवं गवाहों के बयान दर्ज किए। जब्ती एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी राजपति कुम्हरिया के विरुद्ध अपराध में संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायिक रिमांड पर जेएमएफसी न्यायालय रामानुजगंज में पेश किया हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें