न्यूज डेस्क,सूरजपुर,छत्तीसगढ़,19नवंबर2026
सूरजपुर जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण को लेकर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। बुधवार,18 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित क्राइम मीटिंग में उन्होंने जिले के, सभी थाना-चौकी प्रभारियों और विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था,अपराधों की स्थिति और विवेचना की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान स्पष्ट किया गया कि लंबित मामलों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में एसपी ने थाना-चौकीवार लंबित अपराधों, चालान, मर्ग, गुम इंसान और आम नागरिकों की शिकायतों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायत लेकर थाने पहुंचने वाले नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए।
🟠60 और 90 दिन से अधिक लंबित मामलों पर विशेष नजर
पुलिस अधीक्षक ने 60 एवं 90 दिनों से अधिक समय से, लंबित अपराधों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने विवेचकों को साक्ष्य संकलन,आरोपियों की गिरफ्तारी और न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और वैज्ञानिक साक्ष्यों पर आधारित विवेचना करने पर भी जोर दिया।इसके अलावा ई-साक्ष्य, आईआईएफ-1 से 6 तक की प्रविष्टियों और लंबित चार्जशीट की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी डिजिटल रिकॉर्ड समय पर अपडेट करने के निर्देश दिए गए।
🟠फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के निर्देश
क्राइम मीटिंग में फरार आरोपियों,स्थायी वारंटियों और समंस की तामीली की भी समीक्षा की गई। एसपी ने थाना-चौकी प्रभारियों को फरार आरोपियों की पतासाजी कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निगरानी बदमाशों और गुंडा बदमाशों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के साथ आदतन अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया। जिलाबदर के लिए चिन्हांकित अपराधियों पर भी नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
🟠नशा तस्करी और असामाजिक गतिविधियों पर होगी सख्ती
जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए एसपी ने सभी थाना-चौकी प्रभारियों को सख्त कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए,कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के साथ उनके पूरे नेटवर्क की पहचान कर प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जाए।इसके साथ ही बीट प्रणाली को सक्रिय बनाने और पुलिस अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण करने के निर्देश दिए गए। बीट अधिकारी आम नागरिकों से संपर्क बनाए रखें और संदिग्ध व्यक्तियों, आपराधिक गतिविधियों तथा संवेदनशील स्थानों की जानकारी जुटाएं।
🟠यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई
सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एसपी ने शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने को कहा गया।
🟠डिजिटल पुलिसिंग और आधुनिक तकनीक पर जोर
बैठक में आधुनिक तकनीक के माध्यम से पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। एसपी ने सीसीटीएनएस, ई-साइन चालान, ई-साक्ष्य, ई-मेडलीपीआर और ई-एफएसएल सहित विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म के कार्यों की समीक्षा की।उन्होंने सभी विवेचकों को इन तकनीकी माध्यमों का नियमित उपयोग करने और ऑनलाइन प्रविष्टियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही ई-मेडलीपीआर के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित सीआरए लॉगिन सुनिश्चित करने को कहा।
🟠थानों में लंबित जप्ती माल का भी होगा निराकरण
पुलिस अधीक्षक ने थानों में लंबित जप्ती माल के शीघ्र निराकरण पर भी जोर दिया। उन्होंने जप्त वाहनों, मादक पदार्थों, अवैध सामग्रियों और अन्य संपत्तियों का वर्षवार विवरण तैयार कर नियमानुसार वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। न्यायालय में लंबित मामलों में प्रभावी पैरवी और समन्वय स्थापित कर जप्ती माल के निराकरण में तेजी लाने को कहा गया।बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, सीएसपी विशाल गर्ग, एसडीओपी प्रेमनगर बेर्नार्ड कुजूर, एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा, डीएसपी अजाक रीता नीलम कुजूर सहित जिले के समस्त थाना-चौकी प्रभारी एवं जिला पुलिस कार्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।एसपी योगेश कुमार पटेल ने स्पष्ट किया,कि अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण, नशा तस्करी पर अंकुश और आधुनिक तकनीक का बेहतर उपयोग सूरजपुर पुलिस की प्राथमिकता हैं।












