लावारिस इनोवा में छिपा था 35 लाख का गांजा, फास्टैग ने खोला तस्करी का राज,मुंबई के आरोपी तक पहुंची बसंतपुर पुलिस

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,20नवंबर2026

सुनसान रास्ते पर कई दिनों से लावारिस हालत में खड़ी एक इनोवा कार के भीतर गांजे की बड़ी खेप छिपी होने का खुलासा हुआ हैं। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने इनोवा कार से 70 किलो 390 ग्राम गांजा बरामद किया था,जिसकी कीमत करीब 35 लाख 19 हजार 500 रुपये आंकी गई। शुरुआत में वाहन और गांजे का कोई मालिक सामने नहीं आया, लेकिन पुलिस ने हार नहीं मानी। वाहन में लगे फास्टैग और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच आगे बढ़ाई और आखिरकार इस मामले में अशोक कुमार यादव नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तस्करी में इस्तेमाल इनोवा कार की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई हैं।

🟠सड़क किनारे लावारिस खड़ी थी इनोवा, सूचना पर पहुंची पुलिस

पुलिस के मुताबिक,22 सितंबर 2026 को थाना प्रभारी बसंतपुर को सूचना मिली,कि ग्राम फुलीडुमर से महुवारी जाने वाले रास्ते के किनारे एक इनोवा कार काफी समय से लावारिस हालत में खड़ी हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी पुलिस टीम और गवाहों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां वाहन क्रमांक MH 04 DY 9471 खड़ा मिला। कार का गेट लॉक होने के कारण मैकेनिक की मदद से उसे खुलवाया गया और गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली गई।🟠डिक्की खोलते ही मिला गांजे का बड़ा जखीरा

कार की डिक्की में भूरे रंग के टेप से लिपटे 18 पैकेट और एक हरे रंग की प्लास्टिक बोरी मिली। बोरी की तलाशी लेने पर उसमें भी भूरे टेप से लिपटे 16 पैकेट बरामद हुए। इस तरह कुल 34 पैकेट गांजा मिला। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल कराने पर गांजे का कुल वजन 70.390 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने बरामद गांजे की कीमत करीब 35,19,500 रुपये बताई हैं। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की गई लगभग 15 लाख रुपये कीमत की इनोवा कार भी जब्त कर ली गई।

🟠फास्टैग और तकनीकी जांच ने पहुंचाया आरोपी तक

शुरुआत में पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने जब्त इनोवा कार में लगे फास्टैग और अन्य तकनीकी जानकारियों का विश्लेषण किया। इसी जांच के आधार पर पुलिस को वाहन के मालिकाना संबंध और आरोपी तक पहुंचने में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद पुलिस ने अशोक कुमार यादव (43 वर्ष), पिता नखदू यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की।🟠ओडिशा के सुंदरगढ़ से गांजा लाकर यूपी ले जाने का खुलासा

पूछताछ में आरोपी ने बताया,कि उसने इनोवा कार मुंबई के एक व्यक्ति से खरीदी थी,लेकिन वाहन का नामांतरण अपने नाम पर नहीं कराया था। कोरोना काल के दौरान दुकान बंद होने के बाद वह अपने गांव लौट आया था और इसके बाद ड्राइवरी का काम करने लगा।आरोपी के कथन के अनुसार, जुलाई 2026 में वह अपने अन्य साथी के साथ ओडिशा के सुंदरगढ़ पहुंचा था। वहां इनोवा कार में गांजा भरकर 22 सितंबर 2026 को छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जा रहा था।इसी दौरान वाड्रफनगर के आसपास सड़क पर एक ट्रक के पेड़ से टकराने के बाद आगे चल रही कार ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे उसकी इनोवा पीछे से कार से टकरा गई। आरोपी के मुताबिक, घबराहट में वह वाहन लेकर तेजी से आगे बढ़ा। छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश की सीमा पर पुलिस की मौजूदगी की आशंका होने पर उसने इनोवा को मुख्य सड़क से हटाकर कच्चे रास्ते में खड़ा कर दिया और अपने अन्य साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।

🟠न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी, तस्करी नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस ने विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर, अशोक कुमार यादव को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया हैं। अब पुलिस इस मामले में आरोपी के अन्य साथियों की भूमिका, गांजे की खेप के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही हैं।इस कार्रवाई में जहां 70.390 किलो गांजा और करीब 15 लाख रुपये की इनोवा कार जब्त की गई हैं,वहीं फास्टैग और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए पुलिस ने लंबे समय से अनसुलझे मामले में आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की हैं। पुलिस की जांच जारी हैं,और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें