अर्पित तिवारी,रामानुजगंज,छत्तीसगढ़,19नवंबर2026
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू होने के बाद प्रशासन ने खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं पर निगरानी तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित बरदर के धान उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों की सुविधाओं, धान खरीदी की व्यवस्था और केंद्र में उपलब्ध संसाधनों का जायजा लिया।कलेक्टर ने केंद्र में किसानों के पंजीयन, बारदानों की उपलब्धता, धान की तौल और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र की निर्धारित भंडारण क्षमता की भी समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए,कि धान की आवक बढ़ने पर अतिरिक्त भंडारण की समस्या न हो, इसके लिए वैकल्पिक स्थान पहले से ही चिह्नित कर लिया जाए।
🟠किसानों की सुविधाओं को लेकर दिए जरूरी निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया,कि धान खरीदी केंद्र में किसानों के बैठने, पेयजल और छायादार स्थान की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही धान की गुणवत्ता जांच और इलेक्ट्रॉनिक तौल की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
🟠पारदर्शी तरीके से हो धान खरीदी
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शासन की प्राथमिकता वाला कार्य हैं। इसलिए पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए,कि केवल वास्तविक पंजीकृत किसानों से उनके पंजीकृत रकबे के अनुसार ही धान की खरीदी की जाए।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने और खरीदी केंद्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।












