अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,20नवंबर2026
पुलिस विभाग में अनुशासन,कार्यक्षमता और बेहतर कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने के उद्देश्य से,बलरामपुर पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर (भा.पु.से.) ने शुक्रवार को, रक्षित आरक्षी केंद्र बलरामपुर का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस जवानों की वेशभूषा, अनुशासन, परेड ड्रिल,शासकीय वाहनों और शस्त्रागार की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। इस दौरान उच्च कोटि का टर्नआउट और उत्कृष्ट परेड प्रदर्शन करने वाले 21 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कृत किया गया। वहीं, अनुशासनहीनता बरतने वाले एक कर्मचारी को आचरण में सुधार लाने के निर्देश देते हुए दंडित किया गया।
🟠परेड की सलामी से शुरू हुआ वार्षिक निरीक्षण
वार्षिक निरीक्षण की शुरुआत परेड कमांडर एवं रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन द्वारा पुलिस अधीक्षक को सलामी देने के साथ हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने परेड में शामिल अधिकारी-कर्मचारियों की वेशभूषा, टर्नआउट और परेड ड्रिल का निरीक्षण किया। उन्होंने जवानों के अनुशासन और परेड प्रदर्शन का भी जायजा लिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले 21 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
🟠शासकीय वाहनों और शस्त्रागार की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने रक्षित केंद्र में, उपलब्ध शासकीय वाहनों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान वाहनों की मीटर रीडिंग, लॉग बुक और ड्राइवर डायरी का अवलोकन किया गया। वाहन चालकों को सभी वाहनों में आवश्यक सुरक्षा किट और जीवनरक्षक दवाइयां रखने के निर्देश दिए गए,ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में किसी प्रकार की परेशानी न हो।इसके साथ ही शस्त्रागार का निरीक्षण कर हथियारों के सुरक्षित रखरखाव और नियमित साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली गई।
🟠अनुशासनहीनता और गैरहाजिरी के 4 मामलों का किया निराकरण
वार्षिक निरीक्षण के दौरान अनुशासनहीनता और गैरहाजिरी से संबंधित चार प्रकरणों का ओआर (ऑर्डरली रूम) में निराकरण किया गया। वहीं,एक कर्मचारी को अनुशासनहीनता के मामले में दंडित करते हुए अपने आचरण में सुधार लाने की हिदायत दी गई।
🟠पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं,आमजन से बेहतर व्यवहार के निर्देश
निरीक्षण के बाद पुलिस दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याएं और गुजारिश सुनीं। इस दौरान ड्यूटी के दौरान आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ निर्वहन करने तथा आम नागरिकों एवं फरियादियों के साथ संवेदनशील, शालीन और सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए।
🟠190 अधिकारी-कर्मचारी रहे उपस्थित
इस वार्षिक निरीक्षण एवं कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी, उप पुलिस अधीक्षक प्रमोद किस्पोट्टा, कमलेश्वर भगत, मो. याकूब मेमन, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी एलेक्सियूस टोप्पो सहित मुख्यालय एवं नजदीकी थाना-चौकियों के प्रभारी,पुलिस स्टाफ और प्रशिक्षु उप निरीक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कुल 190 अधिकारी-कर्मचारियों ने सहभागिता की।पुलिस विभाग के इस वार्षिक निरीक्षण का उद्देश्य पुलिस बल में अनुशासन, बेहतर कार्यप्रणाली, संसाधनों के उचित रखरखाव और आम जनता के प्रति जवाबदेह पुलिसिंग को और मजबूत बनाना रहा।












