अर्पित तिवारी,रामानुजगंज,छत्तीसगढ़,19नवंबर2026
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के प्रगतिशील किसान रामलाल लहरे ने,अपनी मेहनत और नवाचार से राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया हैं। वाड्रफनगर विकासखंड के ग्राम महुली निवासी रामलाल लहरे को दुर्लभ जंगली ‘जइया मिर्च’ के संरक्षण और संवर्धन के लिए,प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान ‘प्लांट जीनोम सेवियर फार्मर रिकॉग्निशन’ से सम्मानित किया गया हैं। इस उपलब्धि पर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने उनसे मुलाकात कर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
🟠जइया मिर्च के संरक्षण के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान
रामलाल लहरे को भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत पौधा किस्म और कृषक अधिकार संरक्षण प्राधिकरण द्वारा 12 नवंबर 2026 को यह सम्मान प्रदान किया गया। नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर (एनएएससी), पूसा में प्राधिकरण के 22वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र थे।इस सम्मान के तहत रामलाल लहरे को प्रमाण-पत्र, स्मृति चिह्न और एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
🟠‘जइया-1’ मिर्च किस्म का भी कराया पंजीयन
रामलाल लहरे ने छत्तीसगढ़ के पहाड़ी क्षेत्रों में पाई जाने वाली दुर्लभ जंगली जइया मिर्च के संरक्षण और संवर्धन के लिए उल्लेखनीय कार्य किया हैं। उनके प्रयासों से विकसित ‘जइया-1’ मिर्च किस्म का पौधा किस्म रजिस्ट्री में कृषक किस्म के रूप में पंजीयन भी हुआ हैं।यह सम्मान उन किसानों को दिया जाता हैं,जो पौधों की नई किस्में विकसित करने के साथ पारंपरिक और देशी बीजों तथा पौधों की आनुवंशिक विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
🟠पहले भी मिल चुका हैं,राष्ट्रीय पुरस्कार
रामलाल लहरे की इस उपलब्धि के पीछे उनका कृषि के प्रति नवाचार और समर्पण हैं। बायोटेक्नोलॉजी में स्नातकोत्तर लहरे को इससे पहले भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), पूसा की ओर से वर्ष 2020 में ‘नेशनल इनोवेटिव फार्मर अवार्ड’ से भी सम्मानित किया जा चुका हैं।
🟠कलेक्टर ने दी बधाई, अन्य किसानों को प्रेरित करने की अपील
राष्ट्रीय सम्मान मिलने पर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने, कलेक्टर कक्ष में रामलाल लहरे से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा,कि वे आगे भी पारंपरिक, देशी और जंगली पौधों की आनुवंशिक विविधता के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए इसी तरह बेहतर कार्य करते रहें। साथ ही क्षेत्र के अन्य किसानों को भी इस दिशा में प्रेरित करें।इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक और उप संचालक कृषि अनिल वर्मा ने भी रामलाल लहरे को बधाई दी।रामलाल लहरे की यह उपलब्धि न केवल बलरामपुर जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए गौरव की बात हैं। उनका प्रयास यह संदेश देता हैं,कि पारंपरिक फसलों और स्थानीय जैव विविधता का संरक्षण भी किसानों को राष्ट्रीय पहचान दिला सकता हैं।












