अर्पित तिवारी,रामानुजगंज,छत्तीसगढ़,18नवंबर2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के 27 नवंबर को प्रस्तावित रघुनाथनगर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री वाड्रफनगर विकासखंड की ग्राम पंचायत रघुनाथनगर पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने रघुनाथनगर पहुंचकर कार्यक्रम स्थल,हेलीपैड और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने सबसे पहले आश्रम ग्राउंड में प्रस्तावित हेलीपैड स्थल का जायजा लिया। उन्होंने हेलीपैड निर्माण, सुरक्षा घेरा और आवागमन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर मंच निर्माण, अतिथियों और आम नागरिकों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, बिजली, साउंड सिस्टम और साफ-सफाई की तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए,कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की कमी न रहे। इसके लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया जाए और वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए जाएं। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य दल, एम्बुलेंस और अग्निशमन की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा।कलेक्टर ने स्पष्ट किया,कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
🟠धान खरीदी में गड़बड़ी रोकने अंतरराज्यीय बैरियर पर सख्ती
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों के साथ ही कलेक्टर ने जिले में धान खरीदी व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बलंगी-तुगवां अंतरराज्यीय बैरियर पहुंचकर चेकपोस्ट की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यहां ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को अवैध धान परिवहन पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने कहा,कि दूसरे राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर जिले के उपार्जन केंद्रों में खपाने की कोशिशों को रोकना जरूरी हैं। इसके लिए चेकपोस्ट से गुजरने वाले संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जाए। उन्होंने कर्मचारियों को सतर्क रहकर ड्यूटी करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं करने के निर्देश दिए।
🟠वास्तविक किसानों को मिले उनकी मेहनत का पूरा मूल्य
इसके बाद कलेक्टर ने बलंगी धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर खरीदी व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने धान की गुणवत्ता जांच और खरीदी प्रक्रिया की जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने कहा,कि धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि वास्तविक किसानों को उनकी मेहनत का पूरा मूल्य मिल सके। गुणवत्ता परीक्षण से लेकर खरीदी तक प्रत्येक स्तर पर निर्धारित नियमों का पालन किया जाए और किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो।निरीक्षण के दौरान एसडीएम तुलसीदास मरकाम, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मो. निजामुद्दीन, तहसीलदार अश्वनी चन्द्रा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर रघुनाथनगर में तैयारियां तेज हो गई हैं। वहीं, धान खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखने और दूसरे राज्यों से अवैध धान के परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने भी निगरानी बढ़ा दी हैं। अब प्रशासन का जोर कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के साथ-साथ किसानों के हितों की रक्षा और खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने पर हैं।












