अर्पित तिवारी,रामानुजगंज,छत्तीसगढ़,18नवंबर2026
आंवला नवमी के पावन अवसर पर बुधवार को, रामानुजगंज नगर में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला। सुबह से ही आंवले के वृक्षों के नीचे पूजा-अर्चना करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। नगर के वार्ड क्रमांक 9 स्थित मां महामाया मंदिर परिसर और पहाड़ी मंदिर में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं अन्य श्रद्धालु पहुंचे। इस दौरान पूरे मंदिर परिसर में धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण बना रहा।आंवला नवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आंवले के वृक्ष की पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने विधि-विधान से पूजन करने के बाद वृक्ष की परिक्रमा की और परिवार की सुख-शांति, खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की।
पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने धार्मिक कथा का श्रवण भी किया। इसके बाद आंवले के वृक्ष के नीचे बैठकर भोजन ग्रहण किया। इस परंपरा को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।नगर के मां महामाया मंदिर और पहाड़ी मंदिर के अलावा अन्य स्थानों पर स्थित आंवले के, वृक्षों के नीचे भी श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ रही। सुबह से लेकर दोपहर तक पूजा-अर्चना और धार्मिक गतिविधियों का सिलसिला चलता रहा। परिवार के सदस्यों के साथ पहुंचे लोगों ने परंपरा के अनुसार पूजा कर पर्व मनाया।
🟠आंवले के वृक्ष की पूजा का हैं,विशेष धार्मिक महत्व
मां महामाया मंदिर के पुजारी जितेंद्र पांडे और पहाड़ी मंदिर के पुजारी पवन पांडे ने आंवला नवमी के धार्मिक महत्व की जानकारी देते हुए बताया,कि हिंदू धर्म में आंवले के वृक्ष को विशेष पवित्र माना गया हैं। इस दिन आंवले के वृक्ष की पूजा-अर्चना, परिक्रमा और उसके नीचे बैठकर भोजन करने की परंपरा हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन विधि-विधान से पूजा करने और कथा सुनने से परिवार में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती हैं।आंवला नवमी के अवसर पर रामानुजगंज में देखने को मिली श्रद्धालुओं की भीड़ और लोगों की आस्था ने पर्व की धार्मिक परंपरा को जीवंत कर दिया। पूरे नगर में सुबह से ही भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।












