बलरामपुर में शिक्षा विभाग की बड़ी जांच : DEO ने 14 स्कूलों का किया औचक निरीक्षण,दो संकुल समन्वयकों को नोटिस,सफाई और रंगाई के लिए एक सप्ताह की मोहलत

अर्पित तिवारी,रामानुजगंज,छत्तीसगढ़,21नवंबर2026

जिले में स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए,जिला शिक्षा अधिकारी एन.के. निरापुरे ने शनिवार सुबह विद्यालयीन समय में 14 स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति,पढ़ाई की गुणवत्ता,उपस्थिति पंजी,शिक्षकों की दैनंदिनी तथा विद्यालय परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया। निरीक्षण में कुछ विद्यालयों में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति और साफ-सफाई एवं रंगाई-पोताई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। लापरवाही के मामले में दो संकुल समन्वयकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

🟠कक्षाओं में पहुंचकर DEO ने खुद पढ़ाया, विद्यार्थियों की परखी समझ

निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी केवल व्यवस्थाओं का जायजा लेने तक सीमित नहीं रहे,बल्कि कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और उन्हें पढ़ाकर उनकी शैक्षणिक समझ का आकलन भी किया। उन्होंने शिक्षकों की उपस्थिति पंजी और दैनंदिनी की जांच की। इस दौरान सभी शिक्षकों को नियमित रूप से दैनंदिनी का संधारण करने और शिक्षण कार्य में निर्धारित जिम्मेदारियों का गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए।

🟠विद्यार्थियों की कम उपस्थिति पर प्रधान पाठक को फटकार

प्राथमिक और माध्यमिक शाला लुर्गीकला में विद्यार्थियों की उपस्थिति कम पाए जाने पर,जिला शिक्षा अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए प्रधान पाठक को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने इस लापरवाही के लिए संकुल समन्वयक लुर्गीकला रामलोचन और संकुल समन्वयक चंदौरा सन्नू राम सूर्यवंशी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

🟠सफाई और रंगाई-पोताई के लिए एक सप्ताह का अल्टीमेटम

निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में रंगाई-पोताई और साफ-सफाई की स्थिति पर भी जिला शिक्षा अधिकारी ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित विद्यालयों को एक सप्ताह के भीतर व्यवस्थाओं में सुधार करने की मोहलत दी। साथ ही सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को, अपने-अपने विकासखंड के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों में साफ-सफाई और रंगाई-पोताई की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

🟠अर्धवार्षिक परीक्षा की तैयारियों की भी समीक्षा

जिला शिक्षा अधिकारी ने हायर सेकेंडरी विद्यालय रनहत और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय चलगली में अर्धवार्षिक परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया,कि निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पाठ्यक्रम पूरा कराया जाए। साथ ही विद्यार्थियों को परीक्षा की बेहतर तैयारी कराने और उनकी शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान देने को कहा।जिला शिक्षा अधिकारी के इस औचक निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालयों में पढ़ाई की गुणवत्ता,विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को बेहतर बनाना हैं। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को समय-सीमा में दूर करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें