संदिली सिंह,रायपुर,2सितंबर2025/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर को संजोते हुए,मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नवा रायपुर स्थित, नवीन शासकीय निवास में 3 सितम्बर को एकादशी करमा तिहार धूमधाम से मनाया जाएगा। आयोजन की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि होंगे,जबकि आदिम जाति विकास मंत्री राम विचार नेताम कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
🟠मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
करमा तिहार में वनमंत्री केदार कश्यप, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब शामिल होंगे।
इसके अलावा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व राज्यसभा सांसद नंदकुमार साय, छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम अध्यक्ष राम सेवक पैकरा, अखिल भारतीय कंवर समाज विकास समिति की संरक्षक कौशल्या साय, प्रदेश अध्यक्ष हरवंश सिंह मिरी और कई जनप्रतिनिधि कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
🟠करमा तिहार में दिखेगी संस्कृति की खास रौनक
जनदर्शन चौपाल में शाम 4 बजे से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसमें करम डार स्वागत पूजा, करम डार उपासिन पूजा, करम कहानीकार, पारंपरिक करमा नृत्य, करमा गीत, रात्रि जागरण और करम डार विसर्जन पूजा जैसे पारंपरिक आयोजन होंगे।












