संदिली सिंह,रायपुर/छत्तीसगढ़,14सितंबर2025,विशेष रिपोर्ट-Nexis News
छत्तीसगढ़ शासन की महिला एवं बाल विकास मंत्री व बलरामपुर जिला प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने जिले के, विभिन्न सामाजिक कल्याण संस्थानों का औचक निरीक्षण किया और विभागीय समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद उन्होंने विश्राम गृह में प्रेस वार्ता भी की।
मंत्री ने बलरामपुर स्थित उदय शांति बालक बाल गृह का दौरा कर बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और देखभाल की व्यवस्थाओं का विस्तार से अवलोकन किया। बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, अध्ययन कक्ष, आवासीय व्यवस्था और खेल-कूद गतिविधियों की जानकारी ली। बच्चों से संवाद कर उन्हें आत्मविश्वास और उत्साह के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद उन्होंने सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान पीड़ित महिलाओं और जरूरतमंदों के लिए उपलब्ध त्वरित सहायता, परामर्श, आश्रय, चिकित्सकीय और विधिक सेवाओं का अवलोकन किया। मंत्री ने सेंटर के स्टाफ से संवाद कर आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
इसके अतिरिक्त मंत्री ने ग्राम भनोरा स्थित खुशी वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। आश्रम में निवासरत वरिष्ठ नागरिकों से संवाद कर उनके स्वास्थ्य, भोजन, देखभाल और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। मंत्री ने वृद्धजन की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और आश्रम प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया गया,कि सभी बच्चों और वृद्धजनों को सुरक्षित, सम्मानजनक और पारिवारिक वातावरण मिले। प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, कलेक्टर राजेंद्र कटारा, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल कृष्ण मिश्रा, अन्य अधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा,कि सुशासन सरकार का उद्देश्य हैं,कि हर बच्चे और वृद्धजन को सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ और सम्मान मिले, जिससे वे अपने जीवन को गरिमा और सहजता के साथ व्यतीत कर सकें।












