संदिली सिंह,रायपुर/छत्तीसगढ़,23सितंबर2025,विशेष रिपोर्ट-Nexis News
नवरात्र के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा और आस्था को ध्यान में रखते हुए,मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर के आकाशवाणी चौक स्थित माँ काली मंदिर से डोंगरगढ़ तक निःशुल्क बस सेवा का शुभारंभ किया। यह सेवा कालीमाता सेवा समिति द्वारा पूरे नवरात्र के नौ दिनों तक लगातार संचालित की जाएगी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने चार बसों में लगभग दो सौ श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अब रायपुर से माँ बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को यह सेवा सुरक्षा, सुविधा और आसानी प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा,कि कालीमाता सेवा समिति पिछले दस वर्षों से निस्वार्थ सेवा भाव के साथ,प्रतिवर्ष श्रद्धालुओं को माँ बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए बस सेवा उपलब्ध कराती आ रही हैं। यह सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और समर्पण का जीवंत उदाहरण भी हैं।
उन्होंने यह भी बताया,कि हाल ही में राजिम से रायपुर तक मेमू ट्रेन का शुभारंभ किया गया हैं, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा में और भी सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने समिति के पदाधिकारियों श्रीचंद सुंदरानी और दीपक भारद्वाज को इस सेवा के लिए साधुवाद दिया।
इस अवसर पर गृहमंत्री विजय शर्मा, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, विधायक सुनील सोनी और पुरंदर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा,
“माँ बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए यह बस सेवा श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। यह सेवा, समर्पण और सामाजिक समावेशिता का प्रेरक संदेश देती हैं।”
शोभायात्रा और बस सेवा से न केवल श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ी है, बल्कि नगर में धार्मिक उत्साह और भक्ति भाव भी देखने को मिला।












