संदिली सिंह,कुनकुरी,छत्तीसगढ़/28अक्टूबर2025/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर जिले के कुनकुरी स्थित भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर में पहुंचकर महाप्रभु श्री जगन्नाथ, माता सुभद्रा और बलराम जी के दर्शन किए। मुख्यमंत्री ने अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और जनकल्याण की मंगलकामना की।
मुख्यमंत्री साय ने मंदिर परिसर में श्री जगन्नाथ सेवा समिति कुनकुरी द्वारा आयोजित तुलसी अर्चन कार्यक्रम में भी भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ को 51 हजार तुलसी दल अर्पित कर विशेष पूजन किया और प्रदेश की निरंतर प्रगति, सामाजिक समरसता एवं जनकल्याण के लिए आशीर्वाद मांगा।
उन्होंने श्रद्धालुओं से आत्मीय भेंट कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और समिति के सदस्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि “छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत ऐसी धार्मिक परंपराओं से ही सशक्त होती हैं। ऐसे आयोजन समाज में एकता, श्रद्धा और भक्ति का संदेश देते हैं।”
मुख्यमंत्री साय ने आयोजन की सफलता के लिए श्री जगन्नाथ सेवा समिति कुनकुरी को शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।












