संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़/4नवंबर2025/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में राजधानी रायपुर का बूढ़ापारा आउटडोर स्टेडियम आगामी 8 और 9 नवम्बर को मोटरस्पोर्ट्स की गूंज से भर उठेगा। इस अवसर पर आयोजित होने वाली एमआरएफ नेशनल सुपरक्रॉस बाइक रेसिंग चैम्पियनशिप 2025 न केवल रफ्तार और रोमांच का उत्सव होगी, बल्कि युवाओं को सुरक्षित ड्राइविंग और अनुशासन का संदेश भी देगी।
कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वयं बाइक चलाकर युवाओं को “सेफ ड्राइविंग” का प्रेरक संदेश दिया। उन्होंने कहा —
“युवाओं में अपार ऊर्जा हैं, और उस ऊर्जा को सही दिशा देना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी हैं। जीवन अनमोल हैं — इसलिए हमेशा हेलमेट पहनें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सड़क पर रेसिंग से बचें।”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा,कि रजत जयंती वर्ष केवल उत्सव नहीं, बल्कि अनुशासन, जिम्मेदारी और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक हैं। उन्होंने युवाओं से संयम, संकल्प और सजगता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।इस अवसर पर छत्तीसगढ़ मोटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष उज्जवल दीपक ने बताया कि यह आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का एक प्रयास हैं।
“हम चाहते हैं कि रफ्तार जुनून बने, जोखिम नहीं — यही इस चैम्पियनशिप की असली सोच हैं।”
इस दो दिवसीय आयोजन की खास बात यह हैं,कि सभी रेसिंग विशेष रूप से निर्मित सुरक्षित ट्रैक पर होगी, जहाँ हर सुरक्षा मानक का पालन किया जाएगा। देशभर से शीर्ष राइडर्स इस नेशनल सुपरक्रॉस चैम्पियनशिप में हिस्सा लेंगे।
एमआरएफ के सहयोग से आयोजित यह प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ को भारत के मोटर स्पोर्ट्स मानचित्र पर नई पहचान दिलाने जा रही हैं — जहाँ रोमांच के साथ जिम्मेदारी का संतुलन भी दिखेगा।












