Nexis News

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर को दी 122 करोड़ से अधिक की ऐतिहासिक विकास सौगात, 2 हजार से ज्यादा महिलाओं को मिला उज्ज्वला गैस कनेक्शन

संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,16जनवरी2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के दौरे के दौरान स्वास्थ्य, अधोसंरचना,जनकल्याण और सामाजिक विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व पहल करते हुए,जिले को 122 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने दर्जनों विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया और उज्ज्वला योजना के तहत 2 हजार से अधिक महिलाओं को घरेलू गैस कनेक्शन प्रदान किए।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव  साय ने बगीचा विकासखंड में 2.43 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण करते हुए कह,कि यह वनांचल और विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा सहित लगभग दो लाख की आबादी के लिए वरदान साबित होगा। इस स्वास्थ्य केंद्र में जनरल सर्जरी, ईएनटी, शिशु रोग, अस्थि रोग, स्त्री रोग सहित विशेषज्ञ सेवाएं एवं अत्याधुनिक लैब सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके सुचारु संचालन के लिए 100 मेडिकल और पैरामेडिकल स्टाफ की स्वीकृति दी जा चुकी हैं।

इसी परिसर में आयोजित मेगा हेल्थ कैंप में न्यूरो, नेफ्रोलॉजी, हड्डी रोग, स्त्री रोग, ईएनटी और प्लास्टिक सर्जरी सहित सुपर-स्पेशलिस्ट डॉक्टरों ने हजारों मरीजों की जांच की, आवश्यक लैब परीक्षण कराए और निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। गंभीर रोगियों को उच्चस्तरीय अस्पतालों में रेफर करने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।

बगीचा में आयोजित उज्ज्वला महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महिलाओं को गैस कनेक्शन वितरित करते हुए,कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को धुएं से मुक्ति, बेहतर स्वास्थ्य और सम्मानजनक जीवन दिया हैं। इस अवसर पर मुद्रा योजना के अंतर्गत युवाओं को स्वरोजगार हेतु ऋण चेक भी वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बगीचा में आत्मानंद स्कूल में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, बगीचा-बिंदे मार्ग एवं कन्हर नदी पर पुल, बगीचा रेस्ट हाउस के उन्नयन सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा,कि सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 18 लाख आवास स्वीकृत किए हैं,जिनमें से 8 लाख से अधिक पूर्ण हो चुके हैं।

बगीचा में 110.47 करोड़ रुपये की लागत से 46 विकास कार्यों तथा फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पमशाला में 12.22 करोड़ रुपये की लागत से 12 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इन परियोजनाओं में पुल-पुलिया, ग्रामीण सड़कें, सामाजिक भवन,स्कूल सौंदर्यीकरण, छात्रावास और प्रशासनिक भवन शामिल हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बगीचा में 1 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन मंगल भवन का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा,कि सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना हैं,और बस्तर-सरगुजा जैसे दूरस्थ अंचलों को मुख्यधारा से जोड़ना हैं।

कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय, विधायक रायमुनी भगत, गोमती साय, पूर्व विधायक भरत साय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!