कर्मा पर्व प्रकृति, परंपरा और सामूहिक आनंद का प्रतीक : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,18जनवरी2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News

छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और लोक परंपराओं का जीवंत प्रतीक कर्मा महोत्सव न केवल आस्था और उत्सव का पर्व हैं, बल्कि प्रकृति से जुड़ाव और सामाजिक समरसता का संदेश भी देता हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने यह बात सूरजपुर जिले के चुनगुड़ी में आयोजित भव्य कर्मा महोत्सव के दौरान कही।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा,कि ऐसे लोक पर्व नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने और पारंपरिक संस्कृति को सहेजने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने इस अवसर पर सूरजपुर जिले के समग्र विकास के लिए 172.51 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने चुनगुड़ी स्थित स्कूल मैदान को मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित करने तथा नगर पंचायत भटगांव के विकास हेतु 1 करोड़ रुपये की स्वीकृति देने की घोषणा की। कार्यक्रम को महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े एवं सांसद चिंतामणि महाराज ने भी संबोधित किया।

कर्मा महोत्सव में मांदर की थाप और घुंघरुओं की मधुर झंकार के बीच पूरा क्षेत्र उत्सवमय हो उठा। सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, कोरिया एवं मनेंद्रगढ़ जिलों से आए 33 कर्मा दलों के लोक कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में कर्मा नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने नाव-जाल एवं आइस बॉक्स वितरण, आयुष्मान कार्ड, छत्तीसगढ़ महिला कोष से ऋण वितरण तथा महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित 6 रेडी-टू-ईट इकाइयों का शुभारंभ किया।

इसके साथ ही महिलाओं को स्वरोजगार हेतु मुद्रा लोन, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत बीमा क्लेम तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत खुशियों की चाबी प्रदान की गई। पोषण वितरण कार्य से जुड़ी महिलाओं को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में विधायक भूलन सिंह मरावी, वन विकास निगम अध्यक्ष राम सेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, उपाध्यक्ष रेखा राजलाल रजवाड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें