संदिली सिंह,धरमजयगढ़,छत्तीसगढ़,23जनवरी2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल धरमजयगढ़ में आज बसंत पंचमी का पावन पर्व पारंपरिक उत्साह, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के लिए विद्यालय परिसर में विशेष आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और अभिभावकगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर पीले रंग की आकर्षक वेशभूषा में सजे विद्यार्थियों से मंत्रमुग्ध नजर आया। शिक्षकों द्वारा बच्चों को बसंत पंचमी के महत्व और इसके सांस्कृतिक पक्ष के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
विद्यालय परिसर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना “या कुंदेंदु तुषार हार धवला” से गूंज उठा। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपनी किताबें मां सरस्वती के चरणों में रखकर विद्या और बुद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया। अभिभावकों के साथ आए नए विद्यार्थियों के लिए पेन-पेंसिल पकड़ने की रस्म भी विधिवत रूप से संपन्न कराई गई।
इस पावन अवसर पर यज्ञ-हवन का आयोजन किया गया, वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने संगीत और नृत्य की सुंदर प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य श्री सुरेंद्र सिंह जी ने विद्यार्थियों को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा,कि बसंत पंचमी ऋतुराज बसंत के आगमन का प्रतीक हैं,और बसंत ऋतु को सभी ऋतुओं का राजा कहा जाता है। यह पर्व ज्ञान, सृजन और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता हैं।












