संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,28जनवरी2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आगामी 07 फरवरी को छत्तीसगढ़ के जगदलपुर प्रवास पर रहेंगी। वे बस्तर पंडुम संभाग स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।राष्ट्रपति महोदया के बस्तर प्रवास के मद्देनजर मुख्य सचिव विकास शील ने आज मंत्रालय में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेकर बस्तर पंडुम के संभागीय कार्यक्रम के आयोजन सहित सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य सचिव विकास शील ने राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा, चिकित्सा, आवागमन, प्रोटोकॉल और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बस्तर कलेक्टर से जगदलपुर में की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक सुझाव दिए। इसके साथ ही रायपुर कलेक्टर को भी समन्वय और सहयोग से जुड़ी जिम्मेदारियों के निर्देश दिए गए।
बैठक में जनसंपर्क एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, गृह विभाग की सचिव नेहा चंपावत, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।












