संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,29जनवरी2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा हैं,कि सरगुजा अंचल पूरे मनोयोग और उत्साह के साथ सरगुजा ओलंपिक 2026 के आयोजन के लिए तैयार हैं। बस्तर ओलंपिक की तर्ज पर आयोजित होने वाले इस भव्य खेल आयोजन से सरगुजा की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का सशक्त मंच मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित गरिमामयी समारोह में सरगुजा ओलंपिक के प्रतीक चिन्ह (लोगो) एवं शुभंकर “गजरु” का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा,कि बस्तर ओलंपिक की तरह सरगुजा ओलंपिक भी जनभागीदारी और उत्साह के साथ नई पहचान बनाएगा।मुख्यमंत्री ने 12 खेल विधाओं में लगभग 3 लाख 50 हजार खिलाड़ियों के पंजीयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह संख्या सरगुजा अंचल के युवाओं की ऊर्जा, उत्साह और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाती हैं। उन्होंने आयोजन की तैयारियों की जानकारी लेते हुए सफल आयोजन की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा,कि सरगुजा ओलंपिक से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। विजेता खिलाड़ियों को राज्य की प्रशिक्षण अकादमियों में सीधे प्रवेश दिया जाएगा तथा उन्हें यूथ आइकॉन घोषित कर युवाओं को खेलों के लिए प्रेरित किया जाएगा।
सरगुजा ओलंपिक 2026 का लोगो क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और खेल भावना को दर्शाता हैं। लोगो के केंद्र में मैनपाट स्थित टाइगर पॉइंट जलप्रपात को दर्शाया गया हैं, जो ऊर्जा, हरियाली और निरंतर प्रवाह का प्रतीक हैं। चारों ओर 12 खेलों के प्रतीक चिन्ह समावेशिता और समान अवसर का संदेश देते हैं। लाल रंग पहाड़ी कोरवा जनजाति की परंपराओं से जुड़ा हैं, जो शक्ति, साहस और जीवन ऊर्जा का प्रतीक हैं।सरगुजा ओलंपिक का शुभंकर “गजरु” हाथी पर आधारित हैं, जिसे आदिवासी समाज में बल, धैर्य, बुद्धिमत्ता और एकता का प्रतीक माना जाता है। यह टीम वर्क, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता का संदेश देता हैं।
सरगुजा ओलंपिक के लिए 28 दिसंबर 2025 से 25 जनवरी 2026 तक पंजीयन किया गया, जिसमें 6 जिलों से कुल 3 लाख 50 हजार खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया। इनमें 1 लाख 59 हजार पुरुष और 1 लाख 89 हजार महिलाएं शामिल हैं। कबड्डी, खो-खो, तीरंदाजी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी, कुश्ती, रस्साकसी सहित 12 खेल विधाओं में विकासखंड, जिला एवं संभाग स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत, सचिव खेल यशवंत कुमार, संचालक खेल तनुजा सलाम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।












