संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,3फरवरी 2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा,कि अंतरिक्ष केंद्र प्रदेश के युवाओं के सपनों को उड़ान देने की प्रयोगशाला बनेगा और यह छत्तीसगढ़ के वैज्ञानिक भविष्य की मजबूत नींव साबित होगा। मुख्यमंत्री आज नवा रायपुर के राखी में जिला प्रशासन द्वारा संचालित प्रोजेक्ट अंतरिक्ष के अंतर्गत आयोजित अंतरिक्ष संगवारी कार्यक्रम में प्रदेश के पहले अंतरिक्ष केंद्र का शुभारंभ करते हुए संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर ग्रुप कैप्टन एवं अंतरिक्ष यात्री डॉ. शुभांशु शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा, कि अंतरिक्ष संगवारी पहल का विस्तार प्रदेश के सभी जिलों में किया जाएगा और प्रत्येक जिले में अंतरिक्ष केंद्र स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह केंद्र केवल एक भवन नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों और नवाचार की प्रयोगशाला हैं,जहां विज्ञान को प्रयोग और अनुसंधान के माध्यम से समझने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि आज से उनके सपनों को पंख मिल रहे हैं। उन्होंने जशपुर जिले के बच्चों द्वारा रॉकेट निर्माण का उदाहरण देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की मिट्टी में प्रतिभा की कोई कमी नहीं हैं,आवश्यकता केवल सही अवसर की है, जिसे यह केंद्र उपलब्ध कराएगा।मुख्यमंत्री ने कहा,कि अंतरिक्ष विज्ञान अब केवल जिज्ञासा का विषय नहीं, बल्कि रोजगार और करियर का बड़ा क्षेत्र बन चुका हैं। आने वाले समय में यह केंद्र सैटेलाइट निर्माण, मौसम पूर्वानुमान, क्लाउड मैपिंग जैसे आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में प्रशिक्षण देगा, जिससे कृषि, सुरक्षा और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।
इस अवसर पर ग्रुप कैप्टन डॉ. शुभांशु शुक्ला ने अपनी अंतरिक्ष यात्रा के अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह यात्रा केवल उनकी नहीं,बल्कि पूरे भारत की यात्रा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में अपार क्षमता है और प्रदेश में अंतरिक्ष केंद्र की शुरुआत बच्चों को स्पेस साइंस से जोड़ने की दिशा में एक दूरदर्शी कदम है।कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बच्चों से बड़े सपने देखने, विज्ञान से जुड़ने और छत्तीसगढ़ का नाम देश-दुनिया में रोशन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।












