संदिली सिंह,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,5फरवरी 2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
बलरामपुर पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली हैं। थाना बलरामपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सतिसेमर में सेंदूर नदी किनारे रेत में दबे अज्ञात शव की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर दिया हैं। मामले में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया हैं।दिनांक 29 जनवरी 2026 को सेंदूर नदी किनारे रेत में दबा हुआ,एक अज्ञात शव बरामद किया गया था। शव की स्थिति अत्यंत सड़ी-गली होने के कारण तत्काल पहचान नहीं हो सकी। थाना बलरामपुर में मर्ग क्रमांक 05/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक की मौत सिर में गंभीर चोट से हत्या के कारण होना पाया गया।
लगातार प्रयासों के बाद दिनांक 31 जनवरी 2026 को मृतक की पहचान विश्वनाथ केरकेट्टा (51 वर्ष) निवासी ग्राम सलिया पारा, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़ के रूप में हुई, जो छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में प्रधान आरक्षक के पद पर दंतेवाड़ा में पदस्थ था।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर के निर्देश पर,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विश्वदीपक त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्य, साइबर सेल की मदद और गहन पूछताछ के आधार पर पुलिस इस नतीजे पर पहुंची कि हत्या का कारण अवैध प्रेम संबंध था।
जांच में सामने आया,कि मृतक की पत्नी क्लॉस्टिका केरकेट्टा का आरोपी विवेक टोप्पो से प्रेम संबंध था। दोनों ने गुपचुप शादी भी कर ली थी। साथ रहने की मंशा से दोनों ने मृतक को रास्ते से हटाने की साजिश रची। योजना के तहत आरोपी विवेक टोप्पो ने 14 जनवरी 2026 की रात सेंदूर नदी किनारे लोहे की खुरपी से सिर पर वार कर हत्या कर दी और शव को रेत में दबा दिया।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 21/2026, धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। दिनांक 3 फरवरी 2026 को आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।इस सफल कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बलरामपुर, एसडीओपी बलरामपुर, थाना प्रभारी बलरामपुर, साइबर सेल प्रभारी सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।












