Nexis News

पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय फुटबॉल : सरगुजा विश्वविद्यालय ने बस्तर को 2-1 से हराया

संदिली सिंह,जशपुर,छत्तीसगढ़,12फरवरी 2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News

विद्यासागर विश्वविद्यालय,मिदनापुर (पश्चिम बंगाल) द्वारा आयोजित पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता में संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए,महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय,बस्तर को 2-1 से पराजित किया।9 से 13 फरवरी तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में सरगुजा विश्वविद्यालय की टीम लगातार बेहतरीन खेल दिखा रही हैं। मंगलवार को खेले गए मुकाबले में सरगुजा टीम ने मैच के 85वें मिनट तक 2-0 की मजबूत बढ़त बनाए रखी। एन ई एस कॉलेज की कोमल और गर्ल्स कॉलेज जशपुर की संजना ने एक-एक गोल कर टीम को बढ़त दिलाई।

हाफ टाइम तक टीम ने अपनी डिफेंस पंक्ति को सशक्त बनाए रखा। दूसरे हाफ की शुरुआत के दो मिनट के भीतर सरगुजा ने आक्रामक खेल दिखाते हुए दो शानदार मैदानी गोल दागे। टीम ने कई और मौके बनाए, लेकिन एक गोल पोस्ट से बाहर चला गया और एक को रेफरी ने ऑफ साइड करार दिया।

रक्षा पंक्ति में ममता और टीम की कप्तान एंजिल ने मजबूत प्रदर्शन करते हुए,विपक्षी टीम को लंबे समय तक गोल करने से रोके रखा। हालांकि मैच के अंतिम मिनटों में बस्तर विश्वविद्यालय ने एक गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया, लेकिन जीत सरगुजा के नाम रही।गौरतलब हैं,कि बस्तर विश्वविद्यालय ने अपने पहले मैच में 5-0 से जीत दर्ज की थी और पिछले वर्ष क्वालीफाइंग मैच भी खेला था। ऐसे में सरगुजा की यह जीत महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

एन ई एस महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी मनोरंजन कुमार के प्रशिक्षण और अतिथि क्रीड़ा अधिकारी संगीता सिंह के प्रबंधन में टीम उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। इस जीत पर विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा संचालक पीयूष कुमार पांडेय तथा एन ई एस महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमरेन्द्र ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए अगले मैच के लिए शुभकामनाएं दीं।

क्रीड़ा अधिकारी मनोरंजन कुमार ने बताया,कि सरगुजा विश्वविद्यालय अगले दौर में पहुंचने वाली छत्तीसगढ़ की इकलौती टीम हैं। अब टीम का अगला मुकाबला बुधवार को विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग से होगा।

 

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!