संदिली सिंह,चंद्रपुर,छत्तीसगढ़,17फरवरी 2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
नगर में मानवता और सतर्कता की मिसाल पेश करते हुए समाजसेवी एवं गौसेवक चंद्रशेखर मालवीय ने एक भटकी हुई 30 वर्षीय युवती को सकुशल उसके परिजनों से मिलवाया। समय पर की गई पहल से एक संभावित अनहोनी टल गई और परिवार की चिंता भी दूर हुई।
🟠संदिग्ध स्थिति देख दिखाई संवेदनशीलता
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 8:30 बजे चंद्रशेखर मालवीय अपनी दुकान बंद कर बजरंग साहू के साथ पास में बैठे थे। इसी दौरान लगभग 30 वर्षीय एक युवती वहां पहुंची और साईं धर्मशाला का पता पूछने लगी। बातचीत के दौरान उसकी स्थिति संदिग्ध प्रतीत होने पर मालवीय ने उससे विस्तार से पूछताछ की। युवती अपने पिता का नाम तो नहीं बता सकी, लेकिन “कोड़ातराई रामनगर” शब्द उसके मुंह से निकलने पर सुराग मिला।युवती ने बताया,कि वह घर से निकल आई हैं और उसने भोजन भी नहीं किया हैं। मानवीय संवेदना दिखाते हुए मालवीय ने पहले उसे पास के होटल में भोजन कराया।
🟠पुलिस को दी सूचना, परिजनों तक पहुंचाया संदेश
भोजन के बाद स्थानीय थाने के थाना प्रभारी को सूचना दी गई। साथ ही कोड़ातराई स्थित एक विद्यालय संचालक के माध्यम से युवती के परिजनों तक सूचना पहुंचाई गई। उसे समझा-बुझाकर सुरक्षित स्थान पर रखा गया।रात करीब 10:30 बजे युवती के परिजन चंद्रपुर पहुंचे और उसे अपने साथ घर ले गए। परिजनों ने बताया,कि वे सुबह से ही उसकी तलाश कर रहे थे और परिवार बेहद परेशान था। सकुशल मिलने पर उन्होंने चंद्रशेखर मालवीय का आभार व्यक्त किया।
🟠समाज के लिए संदेश
चंद्रशेखर मालवीय ने कहा,कि यदि आसपास कोई भी व्यक्ति संदिग्ध या परेशान अवस्था में दिखाई दे तो उसकी मदद जरूर करें या तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।












