संदिली सिंह,जशपुर,छत्तीसगढ़,17फरवरी 2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
संपत्ति विवाद ने एक परिवार को इस कदर तोड़ दिया, कि पिता ने अपने ही बेटे को जिंदा जलाने की कोशिश कर डाली। जमीन बिक्री में हिस्से की रकम मांगने से नाराज पिता ने बेटे पर पेट्रोल छिड़ककर माचिस जला दी। गंभीर रूप से झुलसे युवक का इलाज अंबिकापुर में जारी हैं। मामले में मां और भाई की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया हैं।
🟠दो साल पहले बिकी थी जमीन, हिस्से को लेकर विवाद
मामला थाना नारायणपुर क्षेत्र का हैं। प्रार्थिया कामना भगत (25), पति कौशल यादव (30), निवासी नारायणपुर ने 15 फरवरी 2026 को होलीक्रॉस हॉस्पिटल, अंबिकापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई।रिपोर्ट के अनुसार, दो वर्ष पूर्व आरोपी शिवशंकर यादव (55) ने पारिवारिक जमीन बेच दी थी। तब से कौशल यादव अपने हिस्से की राशि मांग रहा था, जिससे परिवार में लगातार विवाद हो रहा था।
🟠कहासुनी के बाद जानलेवा हमला
घटना 13 फरवरी 2026 की बताई जा रही है। हिस्से की रकम को लेकर विवाद बढ़ने पर आरोप है कि पिता शिवशंकर यादव, माता चन्द्रमुनी भगत (47) और भाई अंकुश यादव (27) ने मिलकर कौशल यादव से गाली-गलौज और मारपीट की।आरोप हैं,कि गुस्से में पिता ने पेट्रोल लाकर बेटे पर छिड़क दिया और जलती माचिस फेंक दी, जिससे वह आग की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसे कौशल को तत्काल अंबिकापुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी हैं।
🟠भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज
घटना स्थल थाना नारायणपुर क्षेत्र में होने के कारण प्रकरण वहीं स्थानांतरित किया गया। थाना नारायणपुर में अपराध क्रमांक 15/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं—296, 351(3), 115(2), 109(1), 3(5)—के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
🟠24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 16 फरवरी 2026 को—
🔸️शिवशंकर यादव (पिता)
🔸️चन्द्रमुनी भगत (माता)
🔸️अंकुश यादव (भाई)
तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।मामले की कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक उमेश प्रभाकर, प्रधान आरक्षक पुरनचंद पटेल, महिला आरक्षक अल्पना तिर्की, आरक्षक कुलदीप खलखो और अशोक कंसारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।












