संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,7जून2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
बस्तर संभाग में विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने और प्रगति की समीक्षा के लिए निकले छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने दौरे के तीसरे दिन दंतेवाड़ा जिले में विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षा, पेयजल और स्वच्छता से जुड़े कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
🟠जावंगा कॉलेज भवन का किया निरीक्षण
उप मुख्यमंत्री ने गीदम के समीप स्थित जावंगा शासकीय महाविद्यालय के निर्माणाधीन नए भवन का निरीक्षण किया। लगभग 4 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त कॉलेज भवन के निर्माण कार्य की प्रगति पर उन्होंने संतोष जताया, लेकिन साथ ही कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश भी दिए।उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और निर्माण एजेंसी से कहा कि भवन का निर्माण जल्द पूरा कर विद्यार्थियों के लिए कॉलेज शुरू किया जाए, ताकि दंतेवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें।
🟠टेकनार में देखी जल जीवन मिशन की स्थिति
दौरे के दौरान साव ग्राम टेकनार पहुंचे, जहां उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत संचालित योजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों के घरों में जाकर नल से जल आपूर्ति की व्यवस्था का अवलोकन किया और जल अर्पण कार्यक्रम में भी भाग लिया।उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को नल-जल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव में जनभागीदारी बढ़ाने की सलाह दी। उन्होंने कहा,कि ग्राम पंचायत और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी से ही योजनाएं लंबे समय तक सफल रह सकती हैं।
🟠स्वच्छता दीदियों के कार्यों की सराहना
दंतेवाड़ा नगर पालिका क्षेत्र में उप मुख्यमंत्री ने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने स्वच्छता दीदियों से मुलाकात कर उनके कार्यों और मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।उन्होंने घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे के पृथक्करण (सेग्रीगेशन) और उसके पुनर्चक्रण की प्रक्रिया को समझा तथा स्वच्छता अभियान में महिलाओं की भूमिका की सराहना की।
🟠जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान विधायक चैतराम अटामी, कलेक्टर देवेश ध्रुव, दंतेवाड़ा नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उप मुख्यमंत्री को परियोजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी भी दी।












