न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,13जून2026
सरगुजा रेंज के विभिन्न जिलों में पदस्थ किए गए नए, प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा ने व्यवहारिक प्रशिक्षण, पुलिस कार्यप्रणाली और जनसेवा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय अंबिकापुर में बैठक एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों से संवाद किया गया।
पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर के आदेशानुसार सरगुजा रेंज के जिलों में कुल 78 नए प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों की पदस्थापना की गई हैं। इनमें सरगुजा जिले में 14, सूरजपुर में 15, बलरामपुर में 16, जशपुर में 13, एमसीबी में 12 तथा कोरिया जिले में 8 प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को व्यवहारिक प्रशिक्षण के लिए विभिन्न इकाइयों में भेजा गया हैं।बैठक के दौरान जिला सरगुजा के 14 प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे, जबकि अन्य जिलों के प्रशिक्षु वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल, सीएसपी राहुल बंसल, रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
आईजी दीपक कुमार झा ने प्रशिक्षु अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर उनकी शैक्षणिक योग्यता एवं रुचियों की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, थानों में होने वाले कार्यों और मैदानी अनुभव के महत्व पर विस्तार से चर्चा की।उन्होंने प्रशिक्षुओं को कानून व्यवस्था, अपराध विवेचना, साइबर अपराध, सीसीटीएनएस, बीट पुलिसिंग, न्यायालयीन कार्यवाही, समन-वारंट, गुमशुदगी, महिला एवं बाल अपराध, मानवाधिकार संरक्षण और जनसंपर्क जैसे विषयों का गंभीरता से अध्ययन करने की सलाह दी।
आईजी ने कहा,कि पुलिस अधिकारी के लिए जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार, पीड़ितों के साथ सम्मानजनक संवाद और महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े मामलों में विशेष सतर्कता बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने प्रशिक्षुओं को पुलिस की सकारात्मक छवि निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।बैठक में अनुशासन, समयपालन, वर्दी की गरिमा, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन और कर्तव्यनिष्ठा पर भी विशेष जोर दिया गया। आईजी ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल पुलिसिंग सीखना नहीं, बल्कि एक सक्षम, जिम्मेदार और जनहितैषी अधिकारी बनना है, जो कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसेवा के क्षेत्र में प्रभावी भूमिका निभा सके।












