न्यूज डेस्क,जशपुर,छत्तीसगढ़,19जून2026
लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने, शुक्रवार को जशपुर जिले में विभिन्न निर्माणाधीन सड़क परियोजनाओं का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की धीमी गति पर असंतोष जताते हुए,अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सचिव ने रौनीघाट-बगीचा मार्ग, बगीचा-चराईडांड मार्ग तथा मेडिकल कॉलेज पहुंच मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज पहुंच मार्ग को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने के लिए फोरलेन सड़क निर्माण का प्रस्ताव शासन को शीघ्र भेजने के निर्देश दिए।जशपुर-पत्थलगांव राष्ट्रीय राजमार्ग के निरीक्षण के दौरान भी उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। श्री बंसल ने स्पष्ट कहा कि सड़क एवं अधोसंरचना परियोजनाओं में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने जशपुर और पत्थलगांव क्षेत्र में निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित सड़कों, पुलों और भवनों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग, गुणवत्ता नियंत्रण और समयबद्ध कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।बैठक और निरीक्षण के दौरान कलेक्टर रोहित व्यास, प्रमुख अभियंता व्ही.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता बी.एस. बघेल, ज्ञानेश्वर कश्यप, जी.एस. मंडावी सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।












