न्यूज डेस्क,सारंगढ़,छत्तीसगढ़,24जून2026
भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में 25 जून 1975 को, लगाए गए आपातकाल को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला हैं। छत्तीसगढ़ निशक्तजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया ने कहा,कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सत्ता बचाने के लिए लोकतंत्र और संविधान का गला घोंटते हुए देश पर आपातकाल थोप दिया था।सारंगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए, कावड़िया ने कहा कि 25 जून 1975 की आधी रात देश के लोकतांत्रिक इतिहास की सबसे काली रात थी। उस रात पूरे देश में आपातकाल लागू कर नागरिकों के मौलिक अधिकारों को सीमित कर दिया गया, प्रेस की स्वतंत्रता छीन ली गई और विरोध की हर आवाज को दबाने का प्रयास किया गया।
🟠प्रेस पर पहरा, नेताओं को जेल और जनता में भय का माहौल
लोकेश कावड़िया ने कहा,कि आपातकाल के दौरान समाचार पत्रों पर सेंसरशिप लागू कर दी गई थी। मीडिया को सरकार के नियंत्रण में काम करने के लिए मजबूर किया गया और बिना सरकारी अनुमति कोई भी समाचार प्रकाशित नहीं किया जा सकता था।उन्होंने कहा,कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठाने वाले हजारों राजनीतिक कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और विपक्षी नेताओं को जेलों में बंद कर दिया गया था। लोकनायक जयप्रकाश नारायण, मोरारजी देसाई, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और अशोक मेहता जैसे राष्ट्रीय नेताओं को भी गिरफ्तार किया गया था।
🟠जबरन नसबंदी और दमनकारी नीतियों का दौर
कावड़िया ने आरोप लगाया,कि आपातकाल के दौरान जबरन नसबंदी जैसे फैसले लिए गए, जिससे लाखों लोग प्रभावित हुए। उन्होंने कहा,कि राज्यों के अधिकारों को कमजोर कर सत्ता का केंद्रीकरण किया गया और सरकार के विरोधियों को प्रताड़ित किया गया।उन्होंने कहा,कि यह कालखंड लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला था, जिसे देश कभी नहीं भूल सकता।
🟠भूमिगत रहकर लोकतंत्र बचाने की लड़ाई
प्रेस वार्ता में कावड़िया ने बताया,कि उस दौर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और जनसंघ के कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया। छत्तीसगढ़ क्षेत्र में संगठन की जिम्मेदारी मोरेश्वर राव गद्रे को सौंपी गई थी, जिन्होंने भेष बदलकर गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाया और जेल में बंद नेताओं के परिवारों की सहायता की।
🟠लोकतंत्र सेनानियों को किया नमन
उन्होंने कहा,कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सभी लोकतंत्र सेनानियों का योगदान देश हमेशा याद रखेगा। नई पीढ़ी को भी आपातकाल की सच्चाई से अवगत कराना आवश्यक है ताकि भविष्य में लोकतंत्र और संविधान के साथ ऐसा अन्याय दोबारा न हो।प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक केराबाई मनहर, जिला महामंत्री अमित तिवारी, जिला मीडिया प्रभारी रवि तिवारी, चंद्रिका सिंह ठाकुर, नगर महिला मोर्चा मंत्री रविता भारद्वाज, कार्यक्रम संयोजक मनोज जायसवाल सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार भी मौजूद रहे।











