Nexis News

जिला बास्केटबॉल लीग में सरगुजा लायंस और सरगुजा बॉयलर्स बने चैंपियन, मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया सम्मानित

न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,25जून2026

गांधी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय बास्केटबॉल लीग चैंपियनशिप-2026 का भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व पदक प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।मंत्री अग्रवाल ने कहा,कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और संघर्ष की सीख भी देते हैं। खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का सबसे सशक्त माध्यम हैं, जो उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं।

🟠खिलाड़ियों को दिया आगे बढ़ने का संदेश

उन्होंने कहा,कि प्रतिस्पर्धा का उद्देश्य केवल जीत हासिल करना नहीं, बल्कि अपनी प्रतिभा को निखारना और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होना हैं। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को बड़े मंचों तक पहुंचने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास जारी रखने और प्रदेश व देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

🟠बालिका वर्ग में सरगुजा बॉयलर्स, बालक वर्ग में सरगुजा लायंस का कब्जा

रोमांचक मुकाबलों के बाद बालिका वर्ग के फाइनल में सरगुजा बॉयलर्स ने सरगुजा फाइटर्स को हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं बालक वर्ग में सरगुजा लायंस ने सरगुजा ब्लैक पैंथर्स को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पदक प्रदान किए गए, जबकि प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

🟠बास्केटबॉल प्रतिभाओं को मिला मंच

सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य खिलाड़ियों को अधिक प्रतिस्पर्धात्मक मैचों का अनुभव प्रदान करना और जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना था। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ भागीदारी निभाई।इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच राजेश प्रताप सिंह, समाजसेवी संजय अग्रवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य निशांत सिंह गोयल, खेल प्रेमी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!