Nexis News

आयुष्मान आरोग्य मंदिर का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण, हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की मॉनिटरिंग के दिए सख्त निर्देश

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,26जून 2026

जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से,कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने शुक्रवार को विकासखंड बलरामपुर के ग्राम सौनी स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, ओपीडी व्यवस्था, दवा वितरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।कलेक्टर ने स्वास्थ्य कर्मियों से प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या, उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं और दवाओं की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए,कि प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।

🟠हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं पर रखें विशेष नजर

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र में पंजीकृत गर्भवती महिलाओं और संस्थागत प्रसव की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, फॉलोअप और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि प्रत्येक हाई रिस्क गर्भवती महिला की लगातार मॉनिटरिंग की जाए और जरूरत पड़ने पर बिना देरी किए उच्च स्वास्थ्य संस्थान में रेफर किया जाए, ताकि सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित हो सके और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।

🟠डिलीवरी रूम की व्यवस्थाएं देखीं, गुणवत्ता सुधारने के निर्देश

कलेक्टर त्रिपाठी ने डिलीवरी रूम का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों, आवश्यक दवाओं, साफ-सफाई और प्रसव संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रसव कक्ष में सभी आवश्यक संसाधन हर समय उपलब्ध रहें और गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं मिलें।उन्होंने कहा,कि स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता हैं,और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

🟠बरसात में सर्पदंश से निपटने के लिए रहें तैयार

बरसात के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने क्षेत्र में, सर्पदंश की घटनाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि एंटी स्नेक वेनम सहित सभी आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए तथा सर्पदंश के मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाए।उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान सर्पदंश की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए सभी स्वास्थ्य संस्थानों को पूरी तरह सतर्क रहकर आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहना चाहिए।

🟠स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

कलेक्टर ने स्वास्थ्य कर्मचारियों से कहा,कि मरीजों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!