न्यूज डेस्क,सरगुजा,छत्तीसगढ़,26जून2026
न्यायालयों में लंबित मामलों में दोषसिद्धि की दर बढ़ाने और दोषमुक्ति के मामलों में कमी लाने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस ने अहम पहल की हैं। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में, शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिला अभियोजन अधिकारी, सहायक जिला अभियोजन अधिकारियों एवं लोक अभियोजकों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में लंबे समय से लंबित दोषमुक्ति (Acquittal) प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई। डीआईजी-एसएसपी ने अभियोजन अधिकारियों को निर्देश दिए,कि सभी लंबित मामलों का गंभीरता से परीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट जिला अभियोजन कार्यालय में शीघ्र प्रस्तुत करें, ताकि आवश्यक कानूनी कार्रवाई समयबद्ध तरीके से की जा सके।
बैठक के दौरान दोषमुक्ति के प्रमुख कारणों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया,कि विवेचना के दौरान सामने आने वाली तकनीकी कमियों, साक्ष्यों की कमजोरियों और प्रक्रियागत त्रुटियों को समय रहते दूर किया जाए, ताकि न्यायालय में आरोपियों को इनका लाभ न मिल सके और दोषियों को सजा सुनिश्चित हो।डीआईजी-एसएसपी राजेश अग्रवाल ने कहा कि पुलिस और अभियोजन के बीच बेहतर समन्वय, मजबूत विवेचना और प्रभावी पैरवी ही दोषसिद्धि दर बढ़ाने की कुंजी है। प्रत्येक प्रकरण में साक्ष्यों को मजबूत बनाकर न्यायालय में प्रभावी प्रस्तुति सुनिश्चित की जाए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया,कि भविष्य में दोषमुक्ति वाले प्रत्येक मामले की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा जिन बिंदुओं पर कमी पाई जाएगी, उन्हें तत्काल सुधारते हुए अभियोजन प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।इस दौरान उप संचालक अभियोजन राजेश खलखो, जिला अभियोजन अधिकारी चंद्र प्रकाश केशरी, सहायक अभियोजन अधिकारी अल्बर्ट टोप्पो एवं नटराज पाण्डेय, लोक अभियोजक गौरांगो सिंह, नरेन्द्र पाण्डेय (जीपी), विवेक शुक्ला (एसजीपी) सहित पुलिस एवं अभियोजन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।












