संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,27जून2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में,संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान का सशक्त माध्यम बनती जा रही हैं। इसी कड़ी में, जशपुर जिला परिवहन कार्यालय ने हेल्पलाइन में प्राप्त एक शिकायत का समयबद्ध निराकरण कर आवेदक को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई, जिससे शिकायतकर्ता ने समाधान पर संतोष व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार, एच.एल. भगत ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कर झारखंड राज्य के लिए वाहन पोर्टल पर ऑनलाइन अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) जारी करने की सुविधा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। शिकायत मिलते ही परिवहन विभाग ने मामले की जांच शुरू की और 25 जून को आवेदक से दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया,कि वर्तमान में झारखंड राज्य के लिए वाहन पोर्टल पर ऑनलाइन एनओसी जारी करने की सुविधा उपलब्ध नहीं हैं। हालांकि, आवेदक को बताया गया कि वह प्रपत्र-28, चेसिस नंबर ट्रेस, आधार कार्ड, बीमा प्रमाण-पत्र, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, मूल आरसी तथा एनसीआरबी रिपोर्ट सहित आवश्यक दस्तावेज संबंधित जिला परिवहन कार्यालय में जमा कर ऑफलाइन प्रक्रिया के माध्यम से एनओसी प्राप्त कर सकते हैं।
पूरी जानकारी मिलने के बाद शिकायतकर्ता ने, समाधान पर संतोष जताया और किसी प्रकार की आपत्ति दर्ज नहीं कराई। जिला परिवहन अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शासन और नागरिकों के बीच प्रभावी संवाद का माध्यम बन चुकी हैं। प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों को आवश्यक सेवाएं और जानकारी बिना अनावश्यक विलंब के उपलब्ध हो सके।












