अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,29जून 2026
बलरामपुर जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान तेजी से अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रहा हैं।अभियान के, दूसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घर-घर पहुंचकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक दो बूंद पिलाई। डोर-टू-डोर सर्वे और सत्यापन के बाद जिले में, 99 प्रतिशत पोलियो कवरेज दर्ज किया गया हैं।जिले में,5 वर्ष तक के कुल 1,10,954 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया हैं। दूसरे दिन तक 1,09,497 बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाई जा चुकी हैं। अब शेष बच्चों तक पहुंचने के लिए 30 जून को अभियान के अंतिम दिन विशेष घर-घर अभियान चलाया जाएगा।कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं,कि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने अभियान की लगातार मॉनिटरिंग करते हुए, सभी मैदानी अमले को पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आशा, मितानिन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की टीमों ने गांवों, दूरस्थ बस्तियों और शहरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर बच्चों का सत्यापन किया तथा बूथ दिवस पर छूटे बच्चों को मौके पर ही पोलियो की खुराक पिलाई।जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि यदि किसी कारणवश उनके 5 वर्ष तक के बच्चे को अभी तक पोलियो की खुराक नहीं मिल पाई हैं,तो 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें और अपने बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं, ताकि जिले में 100 प्रतिशत पल्स पोलियो कवरेज का लक्ष्य हासिल किया जा सके।












