अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,2जुलाई 2026
ग्रामीण रोजगार और आजीविका को अधिक सशक्त बनाने की दिशा में,बलरामपुर जिले में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VBGRAM-G) का शुभारंभ किया गया। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित सम्मेलन-सह-शुभारंभ कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं एवं श्रमिकों को योजना की प्रमुख विशेषताओं और नए प्रावधानों की जानकारी दी गई।
🟠अब 125 दिन रोजगार और बढ़ी हुई मजदूरी का लाभ
कार्यक्रम में बताया गया,कि मनरेगा के स्थान पर लागू की गई वीबी जी रामजी योजना के तहत पंजीकृत श्रमिकों को,अब वर्ष में 100 दिनों के बजाय 125 दिनों के रोजगार की गारंटी मिलेगी। वहीं, दैनिक मजदूरी बढ़ाकर 300 रुपये कर दी गई हैं,जिससे ग्रामीण परिवारों की आय और आजीविका को नई मजबूती मिलेगी।
🟠ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति
अधिकारियों ने बताया,कि योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के साथ-साथ विकास कार्यों को भी गति मिलेगी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और स्व-सहायता समूहों से अपील की गई,कि वे योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र ग्रामीण इसका लाभ उठा सकें।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनी निकुंज, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नयनतारा सिंह तोमर, जनप्रतिनिधि, स्व-सहायता समूह की महिलाएं, श्रमिक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।












