न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,4जुलाई 2026
सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम राईखुर्द में, आपसी विवाद के चलते हुई,युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया हैं। हत्या के आरोप में एक 60 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया हैं। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई गैती भी बरामद कर ली गई हैं।
🟠खेत में हुआ विवाद, गैती से किया जानलेवा हमला
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई की सुबह राईखुर्द निवासी जीतू नागेश अपने खेत में हल जोतने गया था। इसी दौरान गांव के झकड़ी उर्फ बुधराम बरगाह के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते, विवाद इतना बढ़ गया,कि आरोपी ने गुस्से में आकर गैती से जीतू नागेश के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।गंभीर रूप से घायल जीतू नागेश को परिजन तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
🟠पुलिस ने जुटाए साक्ष्य,आरोपी ने कबूला जुर्म
घटना की सूचना मिलते ही,लुंड्रा थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी झकड़ी उर्फ बुधराम बरगाह को हिरासत में लिया।पूछताछ के दौरान आरोपी ने आपसी विवाद के चलते गैती से हमला कर हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त गैती भी जब्त कर ली।पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
🟠गंभीर अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में जिले में, गंभीर अपराधों के आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लुंड्रा निरीक्षक प्रदीप जायसवाल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।












