Nexis News

सीमावर्ती इलाकों में अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी के निर्देश, नशीले पदार्थों की खेती और कारोबार पर होगी सख्त कार्रवाई

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,6जुलाई 2026

बलरामपुर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर की उपस्थिति में, जिला स्तरीय समन्वय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में नशा मुक्त अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों, विशेषकर गांजा और अफीम की खेती पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।🟠सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश

कलेक्टर ने कहा,कि सीमावर्ती इलाकों में पूर्व में अवैध गांजा एवं अफीम की खेती के मामले सामने आए हैं। ऐसे क्षेत्रों में गांव स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि ग्रामीण प्रतिबंधित मादक फसलों की पहचान कर समय पर प्रशासन को सूचना दे सकें। उन्होंने निर्देश दिया,कि यदि कोई बाहरी व्यक्ति भूमि लीज पर लेकर खेती करता हैं, तो उसका तत्काल राजस्व एवं पुलिस विभाग द्वारा सत्यापन कराया जाए।

🟠नशे के कारोबार पर होगी सख्त कार्रवाई

बैठक में कलेक्टर ने पुलिस एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया,कि नशीले पदार्थों की तस्करी में जब्त वाहनों की राजसात एवं नीलामी की कार्रवाई शीघ्र पूरी की जाए। साथ ही जब्त मादक पदार्थों का सुरक्षित विनष्टीकरण भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत जल्द कराया जाए। उन्होंने जिले की दवा दुकानों का नियमित निरीक्षण कर नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए।🟠स्कूलों में नुक्कड़ नाटक से चलेगा जागरूकता अभियान

समाज कल्याण विभाग को निर्देश देते हुए,कलेक्टर ने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों में नुक्कड़ नाटक एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाए। साथ ही कोटपा अधिनियम के तहत स्कूलों के आसपास तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर नियमित निगरानी रखकर उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

🟠झोलाछाप डॉक्टरों पर भी होगी कार्रवाई

कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को जिले में सक्रिय झोलाछाप डॉक्टरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा,कि नशा मुक्त अभियान को केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित न रखकर जनभागीदारी और जागरूकता के माध्यम से प्रभावी बनाया जाए।बैठक में वनमंडलाधिकारी आलोक वाजपेयी, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, प्रमोद गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!