अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,9जुलाई 2026
जिले के बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए राहत भरी खबर हैं। बलरामपुर जिला अस्पताल को अब ‘सियान गुड़ी’ मॉडल की तर्ज पर Elderly Friendly (वृद्धजन-अनुकूल) और Disabled Friendly (दिव्यांगजन-अनुकूल) बनाया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने जीवन दीप समिति की कार्यकारिणी समिति की बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए,कि अस्पताल में वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मरीजों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर विकसित की जाएं।कलेक्टर ने निर्देश दिए,कि अगले तीन महीनों के भीतर विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर सभी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएं, ताकि बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को अस्पताल में इलाज के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
🟠जिला अस्पताल की सुविधाओं का होगा व्यापक विस्तार
बैठक में जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, भवनों की मरम्मत, चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, रिक्त पदों पर भर्ती और अन्य आवश्यक संसाधनों पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मरीजों को बेहतर, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
🟠ड्यूटी में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर त्रिपाठी ने अस्पताल के अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर उपस्थिति दर्ज कराने तथा पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर मरीजों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए।
🟠जीवन दीप समिति की आय-व्यय और विकास कार्यों की भी समीक्षा
बैठक में जीवन दीप समिति की वार्षिक आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। साथ ही अस्पताल की विभिन्न आवश्यकताओं, मरम्मत कार्यों और विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें मंजूरी दी गई।बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंह, सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. शशांक गुप्ता, डॉ. अनुज पैकरा सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे।












