न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,9जुलाई 2026
सरगुजा जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सरगुजा पुलिस ने जिलेभर में सघन सत्यापन एवं जांच अभियान चलाया। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में बाहरी राज्यों से आए लोगों, किरायेदारों, मुसाफिरों, होटलों में ठहरे व्यक्तियों और विभिन्न व्यवसायों में कार्यरत कर्मचारियों का व्यापक सत्यापन किया गया।अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने करीब 125 मकानों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, होटलों, ढाबों, पान ठेलों, गुमटियों तथा बस-ट्रक संचालकों के यहां कार्यरत लगभग 450 लोगों के पहचान पत्र और दस्तावेजों का सत्यापन किया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर उनके निवास और पहचान से जुड़ी जानकारी भी जुटाई।
🟠होटल, ढाबों और किरायेदारों की भी हुई जांच
पुलिस ने होटल, लॉज, ढाबों और अन्य व्यवसायिक संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों के दस्तावेजों की जांच की। साथ ही मकान मालिकों और होटल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए,कि किसी भी किरायेदार या ठहरने वाले व्यक्ति की जानकारी संबंधित थाने में दर्ज कराएं और यदि किसी का व्यवहार संदिग्ध लगे तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
🟠बस-ट्रक चालकों और बाहरी कर्मचारियों का भी सत्यापन
अभियान के दौरान बस, ट्रक और अन्य व्यवसायिक वाहनों में कार्यरत चालक, परिचालक (कंडक्टर), क्लीनर सहित बाहरी राज्यों से आए कर्मचारियों के पहचान पत्रों का भी गहन सत्यापन किया गया। पुलिस ने संस्थानों के संचालकों को बिना सत्यापन किसी भी बाहरी व्यक्ति को काम पर नहीं रखने की हिदायत दी।
🟠संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी पैनी नजर
सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया हैं,कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में यह अभियान लगातार जारी रहेगा। संदिग्ध गतिविधियों, अपराधियों और बिना सत्यापन रह रहे व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
🟠आम नागरिकों से पुलिस की अपील
सरगुजा पुलिस ने नागरिकों से अपील की हैं,कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, अवैध रूप से रह रहा किरायेदार या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 9479193599 या डायल-112 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।












