Nexis News

अंबिकापुर में मेयर-इन-काउंसिल की बैठक : ट्रैफिक सिग्नल, पेंशन, आवारा मवेशियों समेत 14 अहम प्रस्तावों पर लगी मुहर

न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,15जुलाई 2026

अंबिकापुर नगर निगम की मेयर-इन-काउंसिल (MIC) की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को निगम कार्यालय में, महापौर मंजूषा भगत की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर के विकास, यातायात व्यवस्था, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सार्वजनिक सुविधाओं और आवारा मवेशियों सहित कुल 14 महत्वपूर्ण एजेंडों पर, चर्चा कर कई अहम निर्णय लिए गए।बैठक में शहर की बढ़ती यातायात समस्या को देखते हुए तीन नए चौक-चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, मुख्यमंत्री वृद्धजन एवं विधवा पेंशन तथा राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के, लंबित आवेदनों के निराकरण पर भी निर्णय लिया गया।बैठक में नगर निगम की दुकानों के नामांतरण, दुकानों के ऊपर प्रथम तल निर्माण की अनुमति तथा नामांतरण शुल्क निर्धारण जैसे प्रस्तावों पर भी सहमति बनी। इसके अलावा निगम क्षेत्र में आवारा मवेशियों के पुनर्वास, सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण एवं संचालन, वॉल राइटिंग विज्ञापन शुल्क निर्धारण और अहाता निर्माण की अनुमति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी निर्णय लिए गए।

बैठक में शहर के दो सामुदायिक भवनों के नामकरण को भी मंजूरी दी गई। कबीर वार्ड स्थित सामुदायिक भवन का नाम ‘बिरसा मुंडा सामुदायिक भवन’ तथा रामानुज वार्ड स्थित सामुदायिक भवन का नाम ‘महारानी अहिल्याबाई होल्कर सामुदायिक भवन’ रखा जाएगा।महापौर मंजूषा भगत ने कहा,कि मेयर-इन-काउंसिल की बैठक में लिए गए निर्णयों का उद्देश्य शहर के विकास कार्यों में तेजी लाना, नागरिक सुविधाओं का विस्तार करना और आम जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना हैं। उन्होंने अधिकारियों को सभी स्वीकृत प्रस्तावों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!