अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,16जुलाई 2026
जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन लगातार सख्त कदम उठा रहा हैं। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर गुरुवार को शंकरगढ़ क्षेत्र में परिवहन विभाग और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करते हुए,मालवाहक पिकअप वाहनों में सवारियां ढोने पर तीन वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई और कुल ₹21 हजार का जुर्माना वसूला गया।
🟠मालवाहक वाहनों में यात्रियों को बैठाना पड़ा भारी
जांच के दौरान तीन पिकअप वाहन मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन करते हुए,यात्रियों का परिवहन करते पाए गए। कार्रवाई के तहत एक वाहन पर ₹5,000 का चालान किया गया,जबकि दो अन्य पिकअप वाहनों को शंकरगढ़ थाना में जब्त कर नियमानुसार ₹16,000 का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार अभियान में कुल ₹21,000 का अर्थदंड वसूला गया।
🟠जिंदगी से खिलवाड़ नहीं होगा बर्दाश्त
जिला परिवहन अधिकारी ने वाहन मालिकों और चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा,कि मालवाहक वाहनों में सवारियों का परिवहन पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। यह न केवल मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन हैं, बल्कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं।उन्होंने कहा,कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी हैं,और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी संयुक्त जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।
🟠सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन गंभीर
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की हैं, कि वे अपनी सुरक्षा के लिए केवल अधिकृत यात्री वाहनों का ही उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।












