अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,16जुलाई 2026
बलरामपुर-रामानुजगंज जिला पंचायत को नया प्रशासनिक नेतृत्व मिल गया हैं। राज्य प्रशासनिक सेवा (2014 बैच) के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने गुरुवार को,जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही उन्होंने जिला पंचायत कार्यालय का निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
🟠जनकल्याणकारी योजनाओं का समय पर लाभ दिलाना होगी प्राथमिकता
कार्यभार ग्रहण करने के बाद डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र हितग्राही तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
🟠कार्यालय का किया निरीक्षण,अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
नवपदस्थ सीईओ ने जिला पंचायत कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया और विभागीय योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए, कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश दिए।
🟠कोरिया जिले से हुआ तबादला,प्रशासनिक अनुभव का मिलेगा लाभ
डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी इससे पहले कोरिया जिले में, जिला पंचायत सीईओ के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्ष 2014 बैच के राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी डॉ. चतुर्वेदी डिप्टी कलेक्टर सहित कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। उनके अनुभव का लाभ अब बलरामपुर जिले के ग्रामीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मिलने की उम्मीद हैं।
🟠विकास कार्यों में तेजी लाने पर रहेगा फोकस
जिला पंचायत में नए सीईओ की नियुक्ति के साथ अब ग्रामीण विकास, पंचायत योजनाओं, रोजगार, पेयजल, स्वच्छता और अन्य विकास कार्यों में गति आने की उम्मीद जताई जा रही हैं। प्रशासन ने संकेत दिए हैं,कि जनहित से जुड़े कार्यों की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।












